हिंदी
भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच दूसरा अनाधिकारिक टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। तीसरे दिन के खेल में कप्तान ऋषभ पंत तीन गेंदों पर तीन बार चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हुए। ऐसे में सावल ये है कि अब क्या वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो जाएंगे?
ऋषभ पंत (Img: Internet)
Bengaluru: भारत ए और दक्षिण अफ्रीका ए के बीच दूसरा अनाधिकारिक टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम को शुरुआत में ही झटका लगा, जब सलामी बल्लेबाज केएल राहुल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद मैदान पर उतरे कप्तान ऋषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी की कोशिश की, लेकिन उनका खेल ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया।
पंत को तीन गेंदों पर तीन बार गेंद लगने के कारण उन्हें दर्द महसूस हुआ और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। जिसके बाद से ही फैंस काफी परेशान हो गए हैं और उनके मन में सवाल है कि क्या वह अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो जाएंगे?
बेंगलुरु में खेले जा रहे इस टेस्ट के तीसरे दिन पंत ने तेज़ शुरुआत की। दक्षिण अफ्रीका ए के तेज़ गेंदबाज़ त्शेपो मोरेकी की गेंदों ने पंत को परेशान किया। पहली गेंद उनके हेलमेट पर लगी, जिससे पंत को झटका लगा। इसके बाद मोरेकी की एक गेंद उनके बाईं कोहनी पर लगी। पंत ने खेलना जारी रखा, लेकिन इसी गेंदबाज़ की तीसरी गेंद पर उन्हें पेट पर चोट लगी और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
Rishabh Pant retires hurt after taking three blows today. First on the helmet, second on the left-hand elbow, third on the abdomen. Tough day for the fighter. ❤️🩹 pic.twitter.com/kdTX8jdM8B
— Harsh 17 (@harsh03443) November 8, 2025
ऋषभ पंत ने 22 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए और रिटायर्ड हर्ट हुए। पहले की पारी में उन्होंने 20 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाये थे। पंत की चोट ने भारतीय टीम की रणनीति पर असर डाला और दूसरी पारी की शुरुआत को चुनौतीपूर्ण बना दिया।
पंत के चोटिल होने के बाद से ही सभी के मन में ये सवाल उठ रहा है कि क्या वह साउछ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर हो जाएंगे? हालांकि, अब तक ऐसी कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है, जिसमें ये दावा किया हो। ऐसे में ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि पंत की चोट इतनी गहरी नहीं है।
भारत ए की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। केएल राहुल 60 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके पहले भारत ए की पहली पारी 255 रन पर सिमट गई थी। दक्षिण अफ्रीका ए ने अपनी पहली पारी में 221 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद साई सुदर्शन ने 38 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 23 रन बनाए। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 42 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाए। हालांकि, पूरी टीम की बल्लेबाज़ी धीमी और अनियमित रही, जिससे भारत ए के लिए मैच में बढ़त हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें- दिनेश कार्तिक की एक भूल ने भारत को किया बाहर, इस छोटी टीम से मिली शर्मनाक हार
तीसरे दिन के खेल के बाद भारत ए की स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। सलामी बल्लेबाजों की असफलता और कप्तान पंत की चोट ने टीम को रणनीतिक बदलाव करने पर मजबूर कर दिया है। भारतीय टीम को अब मोर्चे पर उतरने वाले बल्लेबाज़ों से संयम और आक्रामकता दोनों की जरूरत होगी। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ए अपने गेंदबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ए पर दबाव बनाए हुए है।