Asian Games 2026: शैफाली का नाबाद शतक, बांग्लादेश को 114 रन से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत

भारत ने एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया। मुकाबले में शैफाली वर्मा ने ऐसा तूफान मचाया कि स्कोरबोर्ड तेजी से बदलता चला गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 September 2026, 1:36 PM IST
google-preferred

New Delhi: एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई।

भारत की जीत की सबसे बड़ी कहानी शैफाली वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी रही। उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन ठोक दिए। अपनी पारी में शैफाली ने 3 चौके और 9 छक्के लगाए। यह उनका टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक रहा। उनकी बल्लेबाजी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की मजबूत नींव रखी।

मंधाना ने भी रचा बड़ा रिकॉर्ड

शैफाली के साथ पारी की शुरुआत करने उतरी स्मृति मंधाना ने भी तेजी से रन बनाए। उन्होंने 19 गेंदों पर 37 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इस दौरान मंधाना ने महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया।

मंधाना के आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। कप्तान ने 33 गेंदों पर 40 रन बनाए और शैफाली के साथ 94 रन की अहम साझेदारी की। आखिर में भारत 195 रन तक पहुंच गया।

196 रन के लक्ष्य के सामने बिखर गया बांग्लादेश

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर विपक्षी बल्लेबाजों को दबाव में रखा। दिलारा अख्तर ने 27 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

निगार सुल्ताना 9, शोरना अख्तर 5, शर्मिन अख्तर 10 और नाहिदा अख्तर 4 रन बनाकर आउट हुईं। बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में सिर्फ 81 रन पर ढेर हो गई। नंदनी शर्मा ने महत्वपूर्ण विकेट निकालते हुए बांग्लादेश की पारी को और मुश्किल में डाल दिया।

अब फाइनल में श्रीलंका से मुकाबला

इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स महिला क्रिकेट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत मौजूदा चैंपियन भी है। इससे पहले टीम ने क्वार्टर फाइनल में जापान को आठ विकेट से हराया था। टूर्नामेंट के कार्यक्रम के मुताबिक महिला क्रिकेट का फाइनल 22 सितंबर को खेला जाना है।

Location :  New Delhi

Published :  20 September 2026, 1:36 PM IST

Advertisement