हिंदी
भारतीय महिला हॉकी टीम (IMG: SAI Media)
New Delhi: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने थाईलैंड को 20-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारतीय टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 और इंडोनेशिया को 17-1 से शिकस्त दी थी। तीन मुकाबलों में भारत अब तक 56 गोल दाग चुका है।
भारतीय टीम की जीत में दीपिका सहरावत का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने अकेले 9 गोल किए और सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए। दीपिका ने दूसरे मिनट में भारत का खाता खोला और इसके बाद 8वें, 9वें, 24वें, 33वें, 36वें, 39वें, 51वें और 57वें मिनट में गोल दागे।
दीपिका के अलावा नवनीत कौर ने चार गोल किए, जबकि रुतुजा पिसल ने हैट्रिक लगाई। नेहा, लालरेम्सियामी, साक्षी राणा और कप्तान सलीमा टेटे ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।
थाईलैंड की टीम पूरे मुकाबले में भारतीय डिफेंस के सामने संघर्ष करती नजर आई। उसे मैच के चौथे क्वार्टर के अंतिम हिस्से में एकमात्र गोल करने में सफलता मिली। सुपांसा समंसो के ड्रैग-फ्लिक के डिफ्लेक्ट होने के बाद गेंद भारतीय गोल में पहुंची।
इस जीत के साथ भारतीय टीम पूल बी में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। अब भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को जापान से होगा। नॉकआउट चरण से पहले यह मुकाबला टीम के लिए अहम माना जा रहा है।
भारतीय महिला हॉकी टीम की नजर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर है। टीम ने हांगझोऊ एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था। अब भारतीय टीम 1982 के बाद महिला हॉकी में अपना पहला एशियन गेम्स गोल्ड हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
Location : new delhi
Published : 23 September 2026, 2:52 PM IST