गुरुग्राम निर्माण साइट पर हादसे के बाद बवाल; पुलिस और मजूदर आमने-सामने

गुरुग्राम के सेक्टर-113 में निर्माणाधीन स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। एक अन्य श्रमिक घायल है। हादसे के बाद श्रमिकों ने ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 19 September 2026, 1:58 PM IST
google-preferred

Gurugram: गुरुग्राम के बजघेड़ा थाना क्षेत्र के सेक्टर-113 में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरने के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद श्रमिकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिल्डर व ठेकेदार पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतक श्रमिक की पहचान 19 वर्षीय दिलखुश के रूप में हुई है। वह बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला था। वहीं घायल श्रमिक की पहचान 29 वर्षीय वासुदेव के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना का निवासी बताया गया है। हादसे में वासुदेव का हाथ टूट गया है और उसका इलाज चल रहा है।

काम के दौरान फिसला पैर, नीचे गिरे श्रमिक

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-113 स्थित स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग में पिछले कई महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार शाम कुछ मजदूर 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दिलखुश और वासुदेव का पैर फिसल गया और दोनों ऊंचाई से नीचे गिर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलखुश सीधे जमीन पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वासुदेव गिरते समय लोहे की सरिया पकड़ने में सफल रहा, जिसके कारण उसकी जान बच गई, लेकिन उसके हाथ में गंभीर चोट आई।

ठेकेदार पर सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप, पुलिसकर्मी से भी मारपीट

हादसे के बाद गुस्साए श्रमिकों ने ठेकेदार सद्दाम पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही थी। विरोध के दौरान कुछ श्रमिकों ने ठेकेदार के साथ मारपीट भी की।

मामले को शांत कराने पहुंचे हेड कांस्टेबल विनोद के साथ भी कथित तौर पर हमला किया गया। सूचना मिलने के बाद बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है।

Location :  Gurugram

Published :  19 September 2026, 1:58 PM IST

Advertisement