सोनीपत में बाइक अड़ाकर रोका रास्ता, ‘पहचान लो’ कहने पर भी बरसते रहे डंडे; अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा बुजुर्ग

सोनीपत में दो बाइकों पर आए नकाबपोश बदमाशों ने बिजली निगम के चौकीदार राजेश पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर ₹1 लाख लूट लिए। पीड़ित अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर बाइक से गांव लौट रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 9 June 2026, 4:10 PM IST
google-preferred

Sonipat: हरियाणा के सोनीपत जिले से अपराध की एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ कुछ अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने बिजली निगम (यूएचबीवीएन) के एक 55 वर्षीय चौकीदार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने बुजुर्ग को बेरहमी से पीटने के बाद उनके पास मौजूद करीब एक लाख रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित खेती-बाड़ी करने के साथ-साथ इंदिरा कॉलोनी स्थित बिजली कार्यालय में रात के समय चौकीदार के रूप में भी अपनी सेवाएं देता है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल बना हुआ है।

नाइट ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे घर, रास्ते में बाइक अड़ाकर घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनीपत के गांव निरथान के रहने वाले 55 वर्षीय राजेश मंगलवार सुबह करीब छह बजे इंदिरा कॉलोनी स्थित बिजली कार्यालय से अपनी रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

जब वे गांव खेड़ी और निरथान के बीच पहुंचे, तभी अचानक दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच-छह नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक के आगे अपने वाहन अड़ा दिए और उनका रास्ता रोक लिया। राजेश ने सूझबूझ दिखाते हुए हमलावरों से कहा भी कि "भाई, पहले अच्छी तरह पहचान कर लो, कहीं किसी और के धोखे में मुझ पर हमला तो नहीं कर रहे हो।"

सोनीपत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में दर्दनाक हादसा: स्विमिंग पूल में डूबने से क्रिकेटर छात्र की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हत्या के इरादे से बर्साए लाठी-डंडे

राजेश की बात सुनने के बाद भी बदमाशों ने कोई जवाब नहीं दिया और बिना कुछ सोचे-समझे उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में राजेश की कमर, हाथ, पैर और शरीर के कई अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। राजेश के बेटे हर्ष ने बताया कि हमलावरों में से केवल एक का चेहरा खुला हुआ था, जबकि बाकी सभी ने कपड़े से अपने चेहरे ढक रखे थे।

बेटे का आरोप है कि बदमाशों का मुख्य इरादा उनके पिता की हत्या करने का ही था। घटना के दौरान जब राजेश ने मदद के लिए शोर मचाया, तो आवाज सुनकर आसपास के खेतों से लोग मौके की तरफ दौड़े। लोगों को आते देख आरोपी वहां से तुरंत रफूचक्कर हो गए।

केसीसी और बीमे की किस्त भरने के लिए उधार मांगकर जुटाए थे पैसे

इस वारदात की सबसे दुखद बात यह है कि लूटी गई एक लाख रुपये की रकम राजेश ने अपनी मेहनत और बड़ी मुश्किल से कर्ज लेकर जुटाई थी। परिजनों के मुताबिक, राजेश को अपने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और जीवन बीमे की जरूरी किस्त जमा करनी थी।

इसके लिए उन्होंने कुछ लोगों से उधार लेकर यह पैसे अपने पास रखे थे, जिन्हें वे बैंक में जमा कराने वाले थे। लेकिन लालची बदमाशों ने उनकी यह गाढ़ी कमाई छीन ली। लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने राजेश को तुरंत नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

1.17 करोड़ में बिका HR88B8888! सोनीपत ने रचा इतिहास, देश की सबसे महंगी नंबर प्लेट बनी

मारपीट की शिकायत दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज किया। इस पूरे मामले पर सोनीपत पुलिस के पीआरओ रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से मारपीट किए जाने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है।

इस शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए एक लाख रुपये की लूट के आरोपों की भी गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Sonipat

Published :  9 June 2026, 4:10 PM IST

Advertisement