करवाचौथ से चंद दिनों पहले काजल ने उजाड़ा खुद का सुहाग, फरीदाबाद में कैसे रचा गया गोपाल हत्याकांड?

फरीदाबाद में गोपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी काजल और दोस्त योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को बदमाशों के हमले का रूप देने की कोशिश की। जांच में कथित प्रेम संबंध, पारिवारिक विवाद और हत्या के पीछे की मंशा की पड़ताल की जा रही है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 October 2026, 4:00 PM IST
google-preferred
Faridabad: घर में बदमाश घुसे, मारपीट की और पति की जान चली गई। शुरुआत में पुलिस के सामने कुछ ऐसी ही कहानी रखी गई, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो मामला एक कथित साजिश की ओर मुड़ गया। हरियाणा के फरीदाबाद में गोपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी काजल और गोपाल के दोस्त योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि काजल ने योगेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई और सोते समय सब्जी काटने वाले चाकू से उसकी गर्दन पर कई वार किए। अब इस मामले में रिश्तों में आई दरार, कथित प्रेम संबंध और हत्या के पीछे की मंशा की जांच की जा रही है।

16 साल पहले हुई थी लव मैरिज

पुलिस के मुताबिक, गोपाल उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला था। वह करीब 20 साल से फरीदाबाद की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था। लगभग 16 साल पहले कंपनी में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात काजल से हुई। दोनों के बीच प्यार हुआ और काजल अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ रहने लगी। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। काजल की पहली शादी से एक बेटी थी, जो उस समय करीब पांच साल की थी। गोपाल और काजल के भी तीन बच्चे हुए। इनमें एक बेटा 10 साल का, दूसरा छह साल का और बेटी तीन साल की है। गोपाल ने अपने गांव में मकान बनवाया था। काजल बच्चों के साथ गांव में रहती थी, जबकि गोपाल नौकरी के सिलसिले में फरीदाबाद में रहता था और समय-समय पर परिवार से मिलने आता था।

दोस्त योगेंद्र की एंट्री के बाद बढ़ने लगा विवाद

पुलिस के अनुसार, करीब तीन साल पहले गोपाल और काजल के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान गोपाल का दोस्त योगेंद्र घर आने-जाने लगा। योगेंद्र बाउंसर का काम करता था और गोपाल के गांव वाले घर से करीब 500 मीटर दूर रहता था। आरोप है कि गोपाल की गैरमौजूदगी में भी योगेंद्र घर आने लगा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। पुलिस का दावा है कि काजल और योगेंद्र के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। विवाद इतना बढ़ा कि गोपाल कई महीनों तक गांव स्थित अपने घर नहीं गया। पुलिस अब इसी पारिवारिक तनाव और कथित संबंध को हत्या की साजिश से जोड़कर जांच कर रही है।

14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात हुई हत्या

पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को काजल बच्चों के साथ फरीदाबाद पहुंची थी। अगले दिन उसने कथित तौर पर योगेंद्र को भी वहां बुलाया। 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात गोपाल घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उसने शराब पी रखी थी। गोपाल और काजल एक कमरे में सो रहे थे, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में थे। आरोप है कि इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गोपाल की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घर में बदमाशों के घुसने और गोपाल के साथ मारपीट करने की कहानी बताई गई। हालांकि, पुलिस को जांच के दौरान इस बयान पर शक हुआ और मामले की दूसरी कड़ियों की पड़ताल शुरू की गई।

पुलिस ने पत्नी और दोस्त को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल सिंह के मुताबिक, पूछताछ और जांच के दौरान काजल की भूमिका सामने आई। पुलिस का आरोप है कि उसने योगेंद्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी पर भी संदेह जताया था, लेकिन पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में बेटी की संलिप्तता सामने नहीं आई है।

क्या योगेंद्र से शादी करना चाहती थी काजल?

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या काजल गोपाल से अलग होकर योगेंद्र से शादी करना चाहती थी? फिलहाल इस मंशा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित साजिश कब और कैसे बनी, दोनों आरोपियों की भूमिका क्या थी और हत्या के पीछे असल वजह क्या थी। मामले में आगे की स्थिति जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।

Location :  Faridabad

Published :  18 October 2026, 4:00 PM IST

Related News

Advertisement