हिंदी
रोहतक मर्डर केस (Img- Internet)
Rohtak: हरियाणा के रोहतक जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रोहतक के सांपला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस्माईला गांव के जलघर (वाटर वर्क्स) में एक युवक का सिर कटा हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान इस्माईला गांव के ही 9बी इलाके के रहने वाले नीरज (33 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह जब पब्लिक हेल्थ विभाग के कर्मचारी हमेशा की तरह गांव में पानी की सप्लाई चालू करने के लिए जलघर की डिग्गी के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। जलघर के परिसर में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था, जिसका सिर धड़ से अलग था।
कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना गांव के गणमान्य लोगों और पुलिस को दी। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की कोशिश की, तो पता चला कि यह शव गांव के ही रहने वाले नीरज का है, जो एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था।
हत्याकांड की तफ्तीश के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने जलघर के पास स्थित एक मकान के बाहर ईंटों के ढेर के बीच छुपाई गई खून से सनी हुई एक कस्सी (फावड़ा) बरामद की है। आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार से नीरज पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी गर्दन काटी गई है।
इसके अलावा पुलिस को मृतक की चप्पलें और कमीज भी शव वाले स्थान से काफी दूर पड़े हुए मिले हैं। परिजनों ने बताया कि नीरज पिछले एक सप्ताह से किसी कारणवश फैक्ट्री में मजदूरी पर नहीं जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, नीरज रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे तक अपने घर पर ही मौजूद था। इसके बाद वह किसी काम से घर से बाहर निकला, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी सुबह तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह सीधे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की खबर घर पहुंची। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले हमलावरों की संख्या दो से तीन हो सकती है।
हमलावरों ने जब नीरज पर हमला किया, तो वह अपनी जान बचाने के लिए जलघर की तरफ दौड़ा होगा। लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और जलघर के अंदर ही उसे दबोचकर मौत के घाट उतार दिया।
रोहतक वालों में खौफ: कहीं दोबारा ना हो जाए ‘सपना हत्याकांड’, आज होगी पंचायत; जानें पूरा मामला
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर हत्यारों ने खून से सनी कस्सी को वापस उसी मकान मालिक के घर के बाहर ईंटों में छिपाकर रख दिया, जहाँ से उन्होंने उसे उठाया था। इस तरीके को देखते हुए पुलिस को पूरा शक है कि हत्यारे गांव के ही रहने वाले हैं और वे नीरज की गतिविधियों से अच्छी तरह वाकिफ थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके के घरों और आसपास की दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
Location : Rohtak
Published : 15 June 2026, 4:08 PM IST