जिसकी बांहों में तलाशा प्यार, उसी ने बना दी कब्र:पटियाला में कातिल प्रेमी की खौफनाक साजिश से कांपी पुलिस

पटियाला में प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका की हत्या कर शव भाखड़ा नहर में फेंका। 150 KM दूर लावारिस मानकर हुआ अंतिम संस्कार। 12 दिन बाद तस्वीरों से हुई पहचान, जानिए पूरी खौफनाक वारदात।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 September 2026, 9:48 AM IST
google-preferred

Patiala: प्यार, विश्वास और धोखे का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। पंजाब के पटियाला में जिस प्रेमी पर एक महिला ने अपने पूरे जीवन का भरोसा जताया, उसी ने तकरार के बाद उसे जिंदा नहर में फेंक दिया।

23 वर्षीय रणदीप कौर को क्या पता था कि जिस रिश्ते के लिए उसने अपना सब कुछ छोड़ दिया, वही उसकी अकाल मृत्यु का कारण बन जाएगा। पुलिस ने इस खौफनाक वारदात के आरोप में प्रेमी अजय कुमार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।

अंधेरे का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम

रणदीप कौर का अपने पति से कानूनी तलाक नहीं हुआ था, लेकिन वह साल 2023 से कुल्चे बेचने वाले अजय कुमार के साथ लिव-इन में रह रही थी। दोनों की दो नन्ही बेटियां (ढाई साल और आठ महीने) भी हैं।

पंजाब की ऑर्केस्ट्रा डांसरों का गोरखपुर में चीरहरण! अब पुलिस ने लिया यह बड़ा एक्शन

हाल ही में अजय द्वारा मारपीट किए जाने के बाद रणदीप अपनी दादी मनजीत कौर के पास रहने आ गई थी। बीते 7 सितंबर की सुबह अजय जबरन रणदीप को अपने साथ ले गया। नहर किनारे टहलने के बहाने वह उसे ले गया और सुनसान जगह देखकर उसका गला घोंटा व जिंदा ही नहर में फेंक दिया।

150 किलोमीटर दूर बहता रहा बेबस शव

नहर के उफान में रणदीप का शव बहते-बहते पटियाला से करीब 150 किलोमीटर दूर हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पहुंच गया। 8 सितंबर को टोहाना के गांव ललौडा के पास भाखड़ा नहर से पुलिस ने एक अज्ञात युवती की लाश बरामद की।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने पहचान की काफी कोशिश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो लावारिस मानकर भारतीय न्याय संहिता की प्रक्रिया के तहत शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

तस्वीरों से हुई पहचान, राख भी न नसीब हुई

इधर पटियाला में रणदीप की दादी मनजीत कौर दोनों का फोन बंद मिलने पर लगातार भटक रही थीं। तलाश करते-करते जब वे 19 सितंबर को टोहाना पुलिस स्टेशन पहुंचीं, तो पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बरामद शव के कपड़े और तस्वीरें दिखाईं।

फोटो देखते ही दादी की चीख निकल गई। दर्दनाक सच यह था कि जब तक परिवार पहुंचा, रणदीप की चिता शांत हो चुकी थी और बूढ़ी दादी को अपनी पोती की अस्थियां तक नसीब नहीं हो सकीं।

पंजाब में सियासी हंगामा: सीएम भगवंत मान के काफिले पर टमाटर-अंडे फेंकने की कोशिश, रवनीत बिट्टू हिरासत में

पुलिस ने आरोपी को भेजा सलाखों के पीछे

दादी की शिकायत पर पातड़ां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की और आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी का झूठ बेनकाब हो गया। जिस शख्स के साथ रणदीप ने अपने सुनहरे भविष्य के सपने बुने थे, उसी की हैवानियत ने दो मासूम बच्चियों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए छीन लिया।

Location :  Patiala

Published :  21 September 2026, 9:48 AM IST

Related News

Advertisement