हिंदी
Symbolic Photo
Haryana: हरियाणा के रेवाड़ी में नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा विधायक बिमला चौधरी का एक बयान अचानक चर्चा का विषय बन गया। चुनावी मंच से विकास और राजनीति की बातों के बीच विधायक ने ऐसा वादा कर दिया, जिसे सुनते ही पूरी जनसभा ठहाकों से गूंज उठी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा उम्मीदवार को जीत मिलती है तो शहर के विकास के साथ-साथ कुंवारे युवाओं की शादी कराने की जिम्मेदारी भी उनकी होगी।
रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन पद की भाजपा उम्मीदवार विनीता पीपल के समर्थन में आयोजित जनसभा में यह बयान सामने आया। मंच पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी मौजूद थीं। सभा में भाजपा विधायक बिमला चौधरी ने महिलाओं और लोगों से समर्थन मांगते हुए कहा कि वे भाजपा उम्मीदवार को जिताकर भेजें, बाकी शहर के विकास और युवाओं की शादी की जिम्मेदारी उनकी रहेगी।
एटीएम बदलकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय साइबर गैंग का पर्दाफाश, गोरखपुर के दो शातिर गिरफ्तार
‘अब कोई कुंवारा नहीं रहेगा’
विधायक के बयान के बाद सभा में मौजूद लोग जोर-जोर से हंसने लगे। बाद में मीडिया से बातचीत में भी बिमला चौधरी अपने बयान पर कायम रहीं। उन्होंने कहा कि वह पलवल की बेटी हैं और पहले भी कई युवाओं की शादी करवा चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि रेवाड़ी में भी अब कोई युवक कुंवारा नहीं रहेगा।उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “पहले वोट करो, फिर अपनी शादी करवाओ।”
गोरखपुर में हत्या कांड का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार से हुई थी महिला की हत्या
स्वास्थ्य मंत्री ने भी ली चुटकी
जनसभा में मौजूद हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी इस बयान पर मजेदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विकास की बात तो ठीक थी, लेकिन अब लगता है कि बिमला चौधरी ने रेवाड़ी में ‘मैरिज ब्यूरो’ ही खोल दिया है। मंत्री के इतना कहते ही सभा में एक बार फिर हंसी का माहौल बन गया।
10 मई को मतदान, 13 को आएंगे नतीजे
हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो गया है। 10 मई को मतदान होना है, जबकि 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में पंचकूला, सोनीपत, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद और कई नगरपालिकाओं में वोट डाले जाएंगे। ऐसे में नेताओं के बयान और चुनावी वादे लगातार चर्चा में बने हुए हैं। बिमला चौधरी का यह बयान अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Location : Haryana
Published : 7 May 2026, 5:59 PM IST
Topics : Bimla Chaudhary BJP MLA Haryana News Viral News