Varanasi News: विधायक पल्लवी पटेल पर FIR, जानें प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ कि पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

नीट पेपर लीक को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद वाराणसी में बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। विरोध प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ और क्यों दर्ज हुई FIR? पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 June 2026, 7:34 PM IST
google-preferred

Varanasi News: वाराणसी में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन करने के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बिना प्रशासनिक अनुमति के धरना-प्रदर्शन करने के आरोप में सिराथू से विधायक और अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष पल्लवी पटेल समेत कई मसर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। बिना अनुमति प्रदर्शन के मामले में पुलिस की कार्रवाई

बीएचयू (BHU) के द्वार पर इकट्ठा हुई भीड़

मिली जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक बीएचयू (BHU) के सिंहद्वार पर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन का मुद्दा नीट परीक्षा पेपर लीक से जुड़ा था। आरोप लगाया जा रहा है कि निर्धारित नियमों और प्रशासनिक अनुमति के बिना प्रदर्शन किया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

सड़क जाम से हुई लोगों को परेशानी

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ बढ़ने से आवागमन बाधित हो गया। बीएचयू अस्पताल और आसपास के चिकित्सा संस्थानों में आने-जाने वाले मरीजों व उनके परिजनों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई।

वहीं इस मामले में बीएचयू चौकी प्रभारी की ओर से तहरीर दी गई, जिसके आधार पर लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि संबंधित क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे और धरना-प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों को लिया हिरासत में

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। इसके बाद विधायक पल्लवी पटेल समेत कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें बड़ागांव ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी पहचान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन पूरे घटनाक्रम की विस्तृत समीक्षा कर रहा है।

राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। विपक्षी दलों और समर्थकों की ओर से भी इस कार्रवाई पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून और व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

तथ्यों की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। मामले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Location :  Varanasi

Published :  17 June 2026, 7:34 PM IST

Related News

Advertisement