PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने की शादी, चंडीगढ़ की असिस्टेंट प्रोफेसर संग बांधी डोर, जानें कौन हैं अमरीन कौर

हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह एक बार फिर शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ की अमरीन कौर से विवाह किया है, जो पंजाब यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। शादी के बाद दुल्हन को लेकर विक्रमादित्य सिंह शिमला पहुंचे, जहां हॉली लॉज में पारंपरिक वधु प्रवेश हुआ।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 September 2025, 12:39 PM IST
google-preferred

Shimla: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर शाही रौनक देखने को मिल रही है। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने दूसरी बार शादी कर ली है। उनकी शादी की रस्में 22 सितंबर से चंडीगढ़ में शुरू हुई थीं और आज 22 सितंबर को विवाह समारोह का मुख्य आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अमरीन कौर के निवास पर सम्पन्न हुआ।

विक्रमादित्य सिंह ने की दूसरी शादी

यह शादी इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी 8 मार्च 2019 को सुदर्शना चूंडावत से हुई थी, जो राजस्थान की आमेट रियासत से ताल्लुक रखती थीं। हालांकि, पारिवारिक मनमुटाव के चलते यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल पाया और करीब दो महीने पहले दोनों का आपसी सहमति से तलाक हो गया। बताया जा रहा है कि विक्रमादित्य और अमरीन की दोस्ती करीब 8-9 साल पुरानी है। विक्रमादित्य सिंह राजनीति में आने से पहले अक्सर चंडीगढ़ जाया करते थे, जहां उनकी मुलाकात अमरीन से हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदल गई। लंबे समय तक दोनों के बीच निजी तौर पर मुलाकातें होती रहीं, लेकिन सार्वजनिक रूप से इस रिश्ते को सामने लाने का निर्णय उन्होंने तलाक के बाद ही लिया।

विक्रमादित्य सिंह ने की शादी

शाही रिसेप्शन की तैयारियों पर जोर

शादी की निजी रस्मों के बाद अब 24 सितंबर की शाम शिमला के एक निजी होटल में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है। इस रिसेप्शन में हिमाचल प्रदेश और देशभर के कई दिग्गज नेता, मंत्री, और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल होंगे। राजनीतिक हलकों में यह शादी न केवल एक पारिवारिक उत्सव है, बल्कि इसे एक सामाजिक और राजनीतिक घटना के तौर पर भी देखा जा रहा है। हॉली लॉज और रिसेप्शन स्थल दोनों को भव्य रूप से सजाया गया है। सूत्रों के अनुसार, विवाह और रिसेप्शन समारोह में पारंपरिक हिमाचली व्यंजन परोसे जा रहे हैं और मेहमानों के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।

राजनीति में सक्रिय हैं विक्रमादित्य सिंह

विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार में PWD मंत्री हैं और शिमला ग्रामीण से विधायक हैं। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने कांग्रेस की ओर से मंडी संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उनका मुकाबला अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत से हुआ था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वह अब भी राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

कौन हैं अमरीन कौर

अमरीन कौर चंडीगढ़ की निवासी हैं और पेशे से एक शिक्षिका हैं। वह पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में मनोविज्ञान विषय की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उनके पिता सरदार जोतिंद्र सिंह सेखो और माता सरदारनी ओपिंद्र कौर, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित नाम हैं।

Location : 
  • Shimla

Published : 
  • 22 September 2025, 12:39 PM IST

Advertisement
Advertisement

No related posts found.