मैनपुरी में सपा नेता का बड़ा दावा, 2027 में किसकी बनेगी सरकार? BJP पर लगाए गंभीर आरोप

मैनपुरी पहुंचे समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री विनोद सविता ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीडीए समाज, भर्ती, कानून व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। विनोद सविता ने दावा किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने जा रही है और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। आजम खान को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 August 2026, 2:01 PM IST
google-preferred

Mainpuri: समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री विनोद सविता मैनपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के जन संवाद कार्यक्रम और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से मैनपुरी की हर विधानसभा में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कार्यक्रम के तहत उनका मैनपुरी दौरा हुआ है।

भर्ती और रोजगार को लेकर बीजेपी पर हमला

पूर्व राज्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हुई भर्तियों को लेकर बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितनी भी भर्तियां हुई हैं, उनकी सूची उठाकर देख ली जाए तो ओबीसी समाज के लोगों को कथित तौर पर उनका उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से प्रदेश के नौजवानों में नाराजगी है। रोजगार और भर्ती का मुद्दा युवाओं के बीच लगातार बड़ा सवाल बनता जा रहा है। विनोद सविता ने यह भी कहा कि महिलाओं में भी सरकार को लेकर नाराजगी है।

कानून व्यवस्था पर भी साधा निशाना

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विनोद सविता ने बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का ऐसा कोई जनपद नहीं है, जहां एक-दो महीने के भीतर हत्या की घटना न होती हो। उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह जनपद का जिक्र करते हुए भी कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब मुख्यमंत्री का गृह जनपद ही सुरक्षित नहीं है तो प्रदेश के दूसरे जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। विनोद सविता ने प्रयागराज और अलीगढ़ समेत दूसरे जिलों में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।

Mainpuri News: आखिर मैनपुरी में ऐसा क्या हुआ कि दो पक्षों में चलीं लाठियां, फायरिंग में 5 साल के मासूम को लगी गोली

'जीरो टॉलरेंस' नीति पर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को लेकर भी विनोद सविता ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध के मामलों में कार्रवाई निष्पक्ष तरीके से नहीं होती। विनोद सविता ने दावा किया कि अगर किसी मामले में आरोपी सत्तारूढ़ दल से जुड़े समाज का होता है तो कार्रवाई को लेकर अलग रवैया अपनाया जाता है, जबकि पीडीए समाज के लोगों पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने जेलों में बंद कैदियों को लेकर भी एक बड़ा दावा किया।

BJP के पीडीए वाले सवाल पर दिया जवाब

बीजेपी की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पीडीए की परिभाषा स्पष्ट नहीं कर पाने के आरोप पर विनोद सविता ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले ही पीडीए की परिभाषा बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए में पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक और अगड़ा वर्ग शामिल हैं। उनके मुताबिक समाजवादी पार्टी इन सभी वर्गों का सम्मान करती है और सभी को साथ लेकर चलने की बात करती है।

आजम खान को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के संकेत

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव के उस बयान पर भी विनोद सविता ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें सपा सरकार बनने पर आजम खान को गृहमंत्री बनाए जाने की बात कही गई थी। विनोद सविता ने आजम खान को समाजवादी पार्टी का बड़ा नेता और देश का बड़ा नेता बताया। उन्होंने कहा कि आजम खान ने अपने राजनीतिक जीवन में कई विकास कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के दौरान आजम खान पर फर्जी मुकदमे लगाए गए।

थाने से नहीं मिली मदद तो SP के पास पहुंचे कुरावली के पीड़ित, मैनपुरी में जमीनी रंजिश में घर में तांडव

2027 को लेकर सरकार बनाने का दावा

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर विनोद सविता ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की जनता ने भी मन बना लिया है कि अखिलेश यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ जनता का रुख साफ दिखाई देगा। सपा नेता ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

BJP पर सनातन और विकास के मुद्दे पर हमला

बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों से जुड़े सवाल पर विनोद सविता ने बीजेपी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने बीजेपी को सनातन विरोधी तक बता दिया। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ दौरे का जिक्र करते हुए हनुमान जी से जुड़ी एक घटना का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संकटमोचक हनुमान जी को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गाड़ी के सामने घुमाया गया। इसी को आधार बनाकर उन्होंने बीजेपी पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाया।

एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट को लेकर भी सवाल

विनोद सविता ने प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में चले जाइए, विकास दिखाई नहीं देता। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की स्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उद्घाटन के कुछ समय बाद ही इनकी हालत खराब होने लगती है। उन्होंने प्रदेश में करोड़ों रुपये के कथित घोटालों का भी आरोप लगाया। जेवर एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में बने एयरपोर्ट में पानी घुसने की घटना सामने आई। उन्होंने इसे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाला मामला बताया।

Location :  Mainpuri

Published :  13 August 2026, 2:01 PM IST

Related News

Advertisement