हिंदी
रचित गुप्ता गिरफ्तार (Img; डाइनामाइट न्यूज)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है। कारोबारी रचित गुप्ता को 218 करोड़ रुपये की कथित GST चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोप है कि बदायूं में अवैध रूप से संचालित पान मसाला और गुटखा फैक्ट्री के जरिए सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया। संयुक्त GST टीम ने करीब 12 घंटे तक चली छापेमारी के बाद रचित गुप्ता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली, नोएडा, मेरठ और बदायूं की संयुक्त GST टीम मंगलवार देर रात दातागंज स्थित रचित गुप्ता के आवास और अन्य ठिकानों पर पहुंची। स्थानीय पुलिस की सुरक्षा में चली इस कार्रवाई के दौरान कंप्यूटर रिकॉर्ड, कर संबंधी दस्तावेज और फैक्ट्री से जुड़े अहम साक्ष्यों की जांच की गई।
जांच में कथित तौर पर सामने आया कि बिना वैध GST पंजीकरण के 12 FFS मशीनों पर पान मसाला और गुटखा का उत्पादन किया जा रहा था। आरोप है कि फरवरी से जून 2026 के बीच इस अवैध कारोबार के जरिए करीब 218 करोड़ रुपये की GST चोरी की गई, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।
छापेमारी के दौरान GST टीम ने 410 किलो कटी हुई सुपारी के अलावा गगन, शिखर, गोल्ड मोहर और दिलबाग ब्रांड के भारी मात्रा में तैयार पाउच, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद किया। इन बरामद सामग्रियों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
कार्रवाई के बाद रचित गुप्ता, मनोज साहू और उमेश को गिरफ्तार कर मेरठ ले जाया गया। अदालत में पेशी के बाद तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
गौरतलब है कि रचित गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया जारी है और मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और अदालत की कार्यवाही के बाद ही सामने आएगा।
Location : Budaun
Published : 3 July 2026, 2:01 PM IST