हिंदी
तमिलनाडु में एग्जिट पोल फेल (image source: google)
Chennai: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने एग्जिट पोल को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने चौंकाते हुए सबसे बड़ी ताकत के रूप में उभरकर सत्ता की ओर मजबूत बढ़त बनाई है। DMK और AIADMK जैसी पारंपरिक पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए यह चुनाव राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आया है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। चेन्नई से सामने आ रहे ताज़ा रुझानों के अनुसार इस बार मुकाबला त्रिकोणीय रहा, जिसमें सत्तारूढ़ DMK (मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में), उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी AIADMK (भाजपा के साथ गठबंधन में) और अभिनेता से नेता बने विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) शामिल रही।
मतगणना के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। ताज़ा रुझानों के मुताबिक TVK 106 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि AIADMK 78 सीटों पर और सत्तारूढ़ DMK सिर्फ 46 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। यह संकेत देता है कि इस बार जनता ने पारंपरिक दलों से हटकर एक नए विकल्प को प्राथमिकता दी है।
चुनाव से पहले आए अधिकांश एग्जिट पोल्स में DMK को लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटता दिखाया गया था। कई एजेंसियों ने उसे स्पष्ट बहुमत तक पहुंचता बताया था। हालांकि Axis My India ने "विजय प्रभाव" की बात करते हुए TVK को बड़ी ताकत के रूप में उभरने का संकेत दिया था। उस समय इसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा था, लेकिन अब यही अनुमान हकीकत बनता नजर आ रहा है।
234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है। मौजूदा रुझानों के आधार पर TVK करीब 100 या उससे अधिक सीटों तक पहुंचती दिख रही है, जिससे वह "किंग" या "किंगमेकर" की भूमिका में आ गई है। अगर अंतिम नतीजों में यह बढ़त बरकरार रहती है, तो विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने की पूरी संभावना है।
इस चुनाव का सबसे बड़ा संदेश यह है कि तमिलनाडु की पारंपरिक DMK बनाम AIADMK राजनीति अब बदल रही है। दशकों से चली आ रही इस राजनीतिक धुरी को TVK ने तोड़ दिया है। विजय की लोकप्रियता, खासकर युवाओं और पहली बार वोट करने वालों के बीच, इस जीत का अहम कारण मानी जा रही है।
अब सबकी नजर अंतिम परिणाम और सरकार गठन पर टिकी है। आगर TVK अपनी बढ़त को बनाए रखती है, तो यह न केवल विजय के राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी सफलता होगी, बल्कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत भी मानी जाएगी।
Location : Chennai
Published : 4 May 2026, 11:32 AM IST