हिंदी
उन्नाव रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए युवा कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर कैंडल मार्च निकाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने सरकार और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
युवा कांग्रेस का कैंडल मार्च
New Delhi: उन्नाव रेप पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार और न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ आवाज था, जो पीड़िताओं को बार-बार न्याय के लिए संघर्ष करने को मजबूर करती है।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता केरल भवन से एकत्र होकर जंतर-मंतर तक शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय के नारे लिए कार्यकर्ताओं ने पीड़िता के साथ एकजुटता दिखाई। पूरे मार्च के दौरान माहौल गंभीर और भावुक रहा, जहां हर चेहरा न्याय की मांग करता नजर आया।
इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक और बलात्कार के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत दी जा रही है, जबकि पीड़िता और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक और निराशाजनक बताते हुए कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि बलात्कारियों को जमानत और पीड़िताओं को सजा मिल रही है। यह सरासर अन्याय है।
उदय भानु चिब ने कहा कि ऐसी घटनाएं हमारी न्याय व्यवस्था और सामाजिक ढांचे पर गहरा धब्बा हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक व्यक्ति हत्या और बलात्कार का दोषी साबित हो चुका है, तो उसे उम्रकैद की सजा के बावजूद महज छह साल में रिहाई कैसे मिल सकती है। उनका कहना था कि यह सिर्फ एक मामले का सवाल नहीं, बल्कि पूरे समाज की संवेदनशीलता और न्याय प्रणाली की विश्वसनीयता का मुद्दा है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने पीड़िता और उसकी मां की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे सर्द रात में इंडिया गेट पर न्याय की मांग करती हैं, तो दिल्ली पुलिस उन्हें बर्बरता से घसीटती है। उन्होंने कहा कि जब पीड़िता न्याय मांग रही होती है, तब सत्ता और प्रशासन की संवेदनशीलता कहां चली जाती है? इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए गए।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह देश बेटियों के लिए सुरक्षित है। उदय भानु चिब ने कहा कि क्या लड़कियां इस देश में सम्मान और सुरक्षा के साथ नहीं रह सकतीं? क्या उनके साथ अन्याय होना ही उनकी नियति बन गया है?
उन्नाव दुष्कर्म मामला: सेंगर की जमानत पर सीबीआई जाएगी सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट ने दी थी जमानत
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय, सम्मान और सुरक्षा हर पीड़िता का मौलिक अधिकार है और इसे किसी भी कीमत पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़िता को पूर्ण न्याय नहीं मिलेगा, तब तक युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
कैंडल मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने और मार्च को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से अपना मार्च पूरा किया। पुलिस की सख्ती के बीच भी प्रदर्शनकारियों का हौसला नहीं टूटा और उन्होंने अनुशासन के साथ अपना विरोध दर्ज कराया।