हिंदी
दिल्ली में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में रविवार (31 अगस्त 2025) को मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, ईस्ट दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, साउथ-ईस्ट दिल्ली और शाहदरा जैसे इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसी के साथ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि अचानक जलजमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली में शनिवार (30 अगस्त) का मौसम भी राहत देने वाला रहा। इस दिन न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, बादलों की आवाजाही अगले पांच दिनों तक बनी रहेगी और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
दिल्ली में लगातार बारिश का असर यमुना नदी पर भी साफ नजर आ रहा है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। शनिवार शाम को पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 205.52 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यमुना में पानी का स्तर और बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। नदी के किनारे बसे निचले इलाकों, खासकर मयूर विहार और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अस्थायी टेंट और शेल्टर होम बनाए गए हैं, ताकि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को तुरंत वहां ठहराया जा सके।
Weather Update: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, जानें अपने शहर के मौसम का हाल
जानकारी के मुताबिक, यमुना नदी का चेतावनी स्तर 204.5 मीटर है और खतरे का निशान 205.3 मीटर है। जलस्तर अगर 206 मीटर तक पहुंच जाता है तो इवैक्युएशन यानी निकासी की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। वर्तमान में पानी का स्तर 205.52 मीटर है, जो बाढ़ जैसी स्थिति की ओर इशारा करता है।
मूसलाधार बारिश और जलजमाव का असर राजधानी की सड़कों पर भी दिख सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी सफर से बचें और जिन इलाकों में पानी भरने की संभावना है, वहां से होकर न गुजरें। ट्रैफिक विभाग ने यह भी कहा है कि मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने से लोगों को सुविधा मिलेगी।
आईएमडी ने साफ किया है कि आने वाले पांच दिन तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए ही अपनी यात्रा और कामकाज की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 31 August 2025, 7:28 AM IST