Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर लौटी गर्मी, इतना चढ़ा पारा; बारिश के आसार फिलहाल खत्म

दिल्ली-NCR में 18 फरवरी की बारिश के बाद फिर बढ़ा तापमान। 28 डिग्री पहुंचा पारा, अगले 6 दिनों में और बढ़ोतरी के संकेत। जानिए पश्चिमी विक्षोभ का असर, AQI की स्थिति और यूपी का ताजा मौसम अपडेट।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 20 February 2026, 8:02 AM IST
google-preferred

New Delhi: राजधानी दिल्ली में फरवरी के बीच एक बार फिर गर्मी ने दस्तक दे दी है। 18 फरवरी की हल्की बारिश के बाद जहां लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, वहीं 19 फरवरी को तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिनभर खिली धूप और साफ आसमान के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक पहुंच गया, जिससे दोपहर में गर्मी का एहसास साफ महसूस हुआ।

6 डिग्री तक बढ़ा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 19 फरवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से करीब 3.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री और अधिकतम 25-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 18 फरवरी की तुलना में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह बदल दिया।

पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर संभव

मौसम विभाग के मुताबिक 22 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। हालांकि इसका असर दिल्ली-NCR पर बहुत सीमित रहने की संभावना है। फिलहाल राजधानी के लिए कोई येलो या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया गया है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस सिस्टम के कारण हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है।

अगले 6 दिनों में और बढ़ेगा तापमान

पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले छह दिनों में:

  • न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की वृद्धि
  • अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी

20 फरवरी को अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री और न्यूनतम 12-14 डिग्री रहने का अनुमान है। 21 फरवरी को पारा 28-30 डिग्री तक जा सकता है। 22 और 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 29-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। फरवरी में ही इस तरह की गर्माहट को मौसम वैज्ञानिक “प्री-समर कंडीशन” जैसा बता रहे हैं।

Weather Update: फरवरी में गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, इन 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट

NCR में फिलहाल नहीं होगी बारिश

18 फरवरी को दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली थी, जो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर था। लेकिन 19 फरवरी से आसमान पूरी तरह साफ है और अगले कई दिनों तक किसी बड़े वर्षा सिस्टम की संभावना नहीं जताई गई है।

प्रदूषण से राहत नहीं

बारिश के बावजूद वायु गुणवत्ता में स्थायी सुधार नहीं हुआ। 19 फरवरी की सुबह AQI में हल्की गिरावट आई, लेकिन शाम तक यह फिर खराब श्रेणी में पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप और स्थिर हवा प्रदूषण स्तर को फिर बढ़ा सकती है।

Weather Update: दिल्ली-NCR में बारिश के बाद लौटी ठंड, जानें कितनी आई तापमान में गिरावट?

उत्तर प्रदेश में भी बढ़ी गर्मी

उत्तर प्रदेश में भी गुलाबी ठंड की विदाई लगभग तय मानी जा रही है। 20 से 23 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। सुबह हल्का कोहरा रह सकता है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री रहने का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 20 February 2026, 8:02 AM IST

Advertisement
Advertisement