हिंदी
देवघर में श्रावणी मेला की तैयारियां तेज (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoghar: विश्व प्रसिद्ध बाबा वैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर सरकार और प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस संबंध में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने देवघर और दुमका के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मेला की व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन करते हुए मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस बार किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि 31 जुलाई से श्रावण मास की शुरुआत हो रही है। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु देवघर और दुमका पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है और जहां-जहां कमियां सामने आई थीं उन्हें इस बार हर हाल में दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जो व्यवस्थाएं पहले बेहतर थीं उन्हें और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है।
Deoghar News: देवघर में भारी बारिश के कारण करोड़ों का ड्रेनेज सिस्टम फेल, सड़के बनी तालाब
मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान का प्रतीक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मेला क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रशासन को साफ संदेश दिया गया कि किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में खिजुरिया से बाबा मंदिर तक प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि इस परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि यह एक बड़ा और समय लेने वाला कार्य है, लेकिन इसे प्राथमिकता में रखते हुए आगे बढ़ाया जाएगा ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं को आवागमन में अधिक सुविधा मिल सके।
देवघर जिला प्रशासन पहले से ही मेला की तैयारियों में जुट चुका है। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई पिछली बैठक में स्पष्ट किया गया था कि इस बार मेला को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कांवरिया पथ से लेकर मंदिर परिसर तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सुरक्षा सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
Jharkhand News: देवघर अस्पताल में बड़ा बदलाव, अब हाईटेक मशीनों से होगा झटपट इलाज
मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि सरकार की मंशा है कि श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालु झारखंड से सुखद अनुभव लेकर लौटें। प्रशासन को इसी लक्ष्य के साथ काम करना होगा ताकि यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बने, बल्कि बेहतर प्रबंधन का उदाहरण भी पेश करे।
Location : Deoghar
Published : 3 May 2026, 3:06 PM IST