हिंदी
दिल्ली यात्रा पर सीएम सम्राट चौधरी (Img- Internet)
New Delhi: बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को पहली बार दिल्ली दौरे पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक दौरा है, जिसे राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। दोपहर बाद उनके राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की संभावना है। इस दौरे को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। इसके बाद उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात तय है। इन बैठकों को औपचारिक शिष्टाचार के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात में बिहार मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गहन चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री बनने के बाद अब तक कैबिनेट विस्तार नहीं हो पाया है, जबकि राज्य में कई मंत्री पद खाली हैं। ऐसे में दिल्ली दौरे के दौरान नए मंत्रियों के नामों और विभागों को लेकर रणनीति तैयार की जा सकती है।
सम्राट चौधरी ने ली बिहार CM पद की शपथ, जानिये पूरा अपडेट
बिहार विधानसभा में 24 अप्रैल को फ्लोर टेस्ट प्रस्तावित है, जो सम्राट चौधरी सरकार के लिए अहम परीक्षा साबित होगा। इस टेस्ट से पहले दिल्ली दौरे को राजनीतिक मजबूती और रणनीतिक समर्थन जुटाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बिहार की राजनीति में यह पहली बार है जब मुख्यमंत्री की कुर्सी पर भारतीय जनता पार्टी काबिज हुई है। सम्राट चौधरी राज्य के 24वें मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ जेडीयू से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। हालांकि, अभी तक बीजेपी और जेडीयू कोटे से अन्य मंत्रियों को शामिल नहीं किया गया है।
सीएम बनने के बाद से ही सम्राट चौधरी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं और जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। हाल ही में वे जन आक्रोश महिला सम्मेलन में भी शामिल हुए थे, जहां उन्होंने जनता से संवाद किया।
बिहार में अधिकतम 33 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन फिलहाल अधिकांश पद खाली हैं। ऐसे में आज की मुलाकात को सिर्फ शिष्टाचार नहीं, बल्कि बिहार की नई सरकार की दिशा तय करने वाली बैठक के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
Location : New Delhi
Published : 21 April 2026, 10:25 AM IST