हिंदी
पीएम मोदी का कर्नाटक में मेगा रोड शो
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर उडुपी पहुंचे। इस दौरान वे श्री कृष्ण मठ में 'लक्ष कंठ गीता परायण' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस विशेष अवसर पर लगभग एक लाख लोगों ने—जिसमें छात्र, साधु-संत, विद्वान और आम नागरिक शामिल थे-एक साथ श्रीमद्भगवद गीता का पाठ किया। उडुपी में जगद्गुरु श्री सुगुनेंद्र तीर्थ स्वामीजी ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उडुपी का उनके लिए खास महत्व है। उन्होंने बताया कि 1968 में उडुपी के लोगों ने जनसंघ के वी.एस. आचार्य को नगरपालिका परिषद में जिताया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश भर में जो स्वच्छता अभियान देखा जा रहा है, उसे उडुपी ने पांच दशक पहले अपनाया था। यह क्षेत्र भाजपा के सुशासन मॉडल और राजनीतिक कर्मभूमि के रूप में जाना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रायबरेली में सफाई कर्मियों का किया गया सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब एक लाख कंठ गीता के श्लोकों का पाठ एक साथ करते हैं, तो इससे अद्भुत ऊर्जा और मानसिक शक्ति का अनुभव होता है। उन्होंने इसे अध्यात्म और सामाजिक एकता की शक्ति बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम विशाल ऊर्जा पिंड को अनुभव करने का अवसर है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि उनकी 'सबका साथ, सबका विकास' और 'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' जैसी नीतियां भगवान श्री कृष्ण के श्लोकों से प्रेरित हैं। ये श्लोक गरीबों की मदद, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण जैसी योजनाओं—जैसे आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना के आधार बनते हैं। उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर और उडुपी की भूमिका का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने गीता के युद्ध संदेश का हवाला देते हुए कहा कि शांति और सत्य की स्थापना के लिए अत्याचारियों का अंत जरूरी है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भारत के संकल्प और सुरक्षा बलों की कार्रवाई का उदाहरण देते हुए बताया कि देश शांति स्थापित करना और उसकी रक्षा करना दोनों जानता है।
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान श्री कृष्ण मठ में 'सुवर्ण तीर्थ मंतप' का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे 'कनक कवच' का भी समर्पण करेंगे। यह स्थल भगवान कृष्ण के गर्भगृह के सामने है, जिसे लगभग 800 साल पहले श्री मध्वाचार्य ने स्थापित किया था। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा अध्यात्म, संस्कृति और सामाजिक एकता को जोड़ने वाला अवसर साबित हुआ।
Location : New Delhi
Published : 28 November 2025, 3:35 PM IST
Topics : New Delhi PM Modi Karnataka Visit PM Modi