हिंदी
लोकसभा में सोमवार को विपक्ष और सरकार के बीच हंगामा हुआ। राहुल गांधी को बोलने की मांग पर सदन स्थगित, वहीं विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर चर्चा की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा
New Delhi: लोकसभा में सोमवार को एक बार फिर विपक्ष और सरकार के बीच जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है। विपक्षी सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने देने की मांग को लेकर सदन में विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस हंगामे के बीच विपक्ष ने यह भी संकेत दिया कि वह लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को सुबह ही विपक्षी दलों की बैठक हुई। इसमें यह तय किया गया कि अगर राहुल गांधी को सदन में बोलने की अनुमति नहीं दी गई तो हंगामा किया जाएगा। कांग्रेस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी को बोलने का अवसर मिलने पर ही सदन सामान्य रूप से चलेगा।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। विपक्ष के नेताओं ने इसे गंभीर मुद्दा बताया और कहा कि सदन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नियमों के पालन की मांग की जा रही है।
लोकसभा के कामकाज की शुरुआत होते ही विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सांसद नारेबाजी और पथ प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सदन हंगामे और नारेबाजी के लिए नहीं है। उन्होंने सांसदों से शांति और नियमों का पालन करने का अनुरोध किया।
दिल्ली: स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष ला सकता है अविश्वास प्रस्ताव #Delhi #OmBirla #NoConfidenceMotion #Parliament #Opposition pic.twitter.com/kDQZIpcLeb
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 9, 2026
हालांकि, विपक्ष ने अपने विरोध को जारी रखा। सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने की अनुमति देने की मांग की और कहा कि नियमों के तहत उन्हें बोलने से रोका जा रहा है। इसके चलते अध्यक्ष ने दोपहर 12 बजे तक कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया।
ओम बिड़ला ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही आपसी सहमति और चर्चा से चलती है। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल पूरा होने के बाद नियमों और कानून के तहत चर्चा की जाएगी। उन्होंने सभी सांसदों से संयम बरतने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करने का आग्रह किया।
Budget Session: लोकसभा में हंगामे पर स्पीकर का कड़ा एक्शन, आठ सांसद निलंबित; देखिये सूची
अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी अविश्वास प्रस्ताव नियमों के अनुसार लाया जा सकता है, लेकिन सदन की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।