हिंदी
भारतीय जनता पार्टी में नितिन नवीन 45 साल की उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। पांच बार के विधायक और बिहार के कद्दावर नेता नवीन की कुल संपत्ति 3.08 करोड़ रुपये है। नकद राशि बहुत कम होने के बावजूद बैंक, शेयर और अचल संपत्ति में उनका निवेश संतुलित है।
New Delhi: बीजेपी के 45 वर्ष के नितिन नबीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं। उन्होंने जेपी नड्डा की जगह ली है और पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के भरोसेमंद माने जाने वाले नितिन नबीन की राजनीतिक छवि जितनी मजबूत है, उतनी ही उनकी वित्तीय स्थिति भी चर्चा का विषय बन गई है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दायर हलफनामे के अनुसार, नितिन नबीन और उनके परिवार की कुल संपत्ति 3.08 करोड़ रुपये है। इसमें चल और अचल संपत्ति दोनों शामिल हैं।
चल संपत्ति: 1.60 करोड़ रुपये।
अचल संपत्ति: 1.47 करोड़ रुपये (जमीन-जायदाद)।
कर्ज: लगभग 56.6 लाख रुपये।
हालांकि करोड़ों की संपत्ति होने के बावजूद, नबीन नकद राशि रखने में विश्वास नहीं करते। उनके पास सिर्फ 35,000 रुपये कैश हैं और उनकी पत्नी के पास 25,000 रुपये। यानी कुल नकद केवल 60,000 रुपये है। बैंकों और वित्तीय संस्थानों में जमा राशि लगभग 98.68 लाख रुपये है। इसके अलावा, शेयर और बॉन्ड में निवेश 6.6 लाख रुपये का है।
नितिन नबीन ने संभाला बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार, PM मोदी समेत ये दिग्गज हुए शामिल
नितिन नवीन के पास दो SUV गाड़ियां हैं, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और दूसरी टोयोटा इनोवा क्रिस्टा, जिनकी कुल कीमत 37.8 लाख रुपये है। इसके अलावा, उनके और पत्नी के पास 11.3 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं।
रियल एस्टेट में परिवार की संपत्ति मुख्य रूप से पत्नी के नाम पर है, जिनमें-
पटना में प्लॉट - कीमत 1.18 करोड़ रुपये।
झारखंड, धुकरी में प्लॉट - कीमत 29 लाख रुपये।
बीजेपी को मिलेगा नया चेहरा? नितिन नबीन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए भरा पर्चा, कल तय होगा फैसला
वित्तीय वर्ष 2025-26 में नितिन नवीन की वार्षिक आय 3.71 लाख रुपये रही, जबकि उनकी पत्नी की आय 1.12 लाख रुपये रही। पटना पश्चिम और बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके नवीन ने बीते बिहार विधानसभा चुनाव में RJD की प्रत्याशी को 51,000 से अधिक वोटों से हराया।
राजनीति के क्षेत्र में उनके पिता, नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा, बिहार के वरिष्ठ नेता रहे हैं। अब नितिन नवीन निर्विरोध भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं, जो उनके राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा मुकाम होगा।