हिंदी
बिहार में आज NDA की ओर से सीएम नीतीश कुमार, नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा और जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
NDA के 5 उम्मीदवारों ने किया नामांकन
Patna: बिहार में सीएम नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन समेत NDA के सभी 5 उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर लिया है। एनडीए की ओर से सीएम नीतीश कुमार, नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया है। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजेंद्र यादव, विजय चौधरी समेत भाजपा-जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कुछ देर बाद सभी नेता विधानसभा से निकल गए।
नामांकन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कुछ देर तक दोनों दिग्गज नेताओं के बीच बातचीत हुई। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ विधानसभा पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता पहले ही विधानसभा भी पहुंच गए थे। कुछ देर में एनडीए के उम्मीदवारों ने नामांकन किये।
एनडीए उम्मीदवारों के नामांकन के बाद गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस के लिए निकल गए। गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के कई बड़े नेताओं की पटना में मौजूदगी के चलते गुरुवार 5 मार्च का दिन बिहार की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
बताया जाता है कि गृह मंत्री अमित शाह भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भी शामिल होंगे। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री पद को लेकर होगी।
बिहार में ‘महाराष्ट्र मॉडल’ और नीतीश कुमार की ‘हाईजैकिंग’, जानें क्या-क्या बोले तेजस्वी यादव?
नीतीश के राज्यसभा जाने का रास्ता साफ होने के साथ ही अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर राज्य का नया मुख्यमंत्री कौन होगा? कई नेताओं ने इस पद के लिए दौड़-भाग शुरू कर दी है, लेकिन माना जा रहा है कि अंतिम मुहर भाजपा आलाकमान की ओर से ही लगेगी।
मुख्यमंत्री की दौड़ में कई नाम प्रमुखता से उभर रहे हैं। इस रेस में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा का नाम उछाला जा रहा है। इसले अलावा दिलीप जायसवाल, दीघा से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया जैसे नामों की चर्चा हो रही है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी इस दौड़ में बताए जाते हैं।