DN Exclusive: सरसों का साग-बाजरे की रोटी या कढ़ी-चावल, आखिर भारत यात्रा में क्या खाएंगे पुतिन?

23वें इंडिया-रूस समिट के लिए पुतिन भारत आ रहे हैं। उनके खास मेन्यू, पिछली भारत यात्राओं की दावतों और उनकी स्ट्रिक्ट डाइट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। 2014 और 2018 की दावतों में कश्मीर से मुगलई तक का स्वाद परोसा गया था।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 December 2025, 1:28 AM IST
google-preferred

New Delhi: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4-5 दिसंबर को होने वाले 23वें इंडिया-रूस समिट में भाग लेने भारत आए हैं। लगभग चार साल बाद हो रही उनकी यह भारत यात्रा न सिर्फ कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल और खासतौर पर उनके लिए तैयार किए जाने वाले विशेष भोजन को लेकर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हाई-प्रोफाइल दौरों में उनकी सख्त डाइट, व्यक्तिगत पसंद और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए तैयार किया जाने वाला मेन्यू हमेशा सुर्खियों में रहता है।

पुतिन का भोजन भारत में एक विशेष टीम द्वारा तैयार किया जाता है, जिसमें चयनित शेफ और प्रोटोकॉल अधिकारी शामिल होते हैं। यह टीम सुनिश्चित करती है कि पुतिन के लिए बनाई जाने वाली हर डिश अलग से पकाई जाए और उसे परोसने से पहले कई बार सुरक्षा जांच से गुजरना पड़े। इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में होने वाले निजी डिनर के लिए खास मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें भारतीय स्वाद, रूसी पसंद और पुतिन की डाइट-इन तीनों का संतुलित मिश्रण शामिल होगा।

2014 का भारत दौरा, कश्मीर की खुशबू वाली दावत

साल 2014 में पुतिन को दिए गए भोज में कश्मीर की झलक स्पष्ट दिखी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, डिनर की शुरुआत मशहूर कश्मीरी कहवा से हुई थी। केसर की खुशबू वाली इस ड्रिंक ने पुतिन का विशेष स्वागत किया था। इसके साथ हाक का साग परोसा गया था, जिसे पालक की तरह पकाया जाता है और यह कश्मीर का पारंपरिक व्यंजन है।

नॉन-वेज मेन्यू भी खास था। पुतिन को गलौटी कबाब परोसे गए थे, जिन्हें बहुत ही मुलायम टेक्सचर और हल्के मसालों के लिए जाना जाता है। इसके साथ मुरग धनियावाल कोरमा धनिया आधारित खास ग्रेवी में बना चिकन भी मेन्यू का हिस्सा था। साथ ही बादाम शोरबा, मशरूम, पनीर और सब्जियों की खास डिशें परोसी गई थीं। जिन्हें कलौंजी के साथ पकाया गया था। डेजर्ट में गुलाब खीर, चीज़केक और मौसमी फलों ने मेन्यू को पूरा किया।

2018 का भारत दौरा, हैदराबाद हाउस की रॉयल मुगलई दावत

पुतिन के 2018 के दौरे में हैदराबाद हाउस में शानदार मुगलई शैली में भव्य भोज आयोजित किया गया था। उनके भोजन के प्रत्येक आइटम को न सिर्फ उनकी पसंद, बल्कि अत्यंत सख्त सुरक्षा प्रक्रियाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। इस बार मेन्यू में सैल्मन फिलेट शामिल था, जिस पर हल्की पार्सले और चीज़ सॉस डाली गई थी। इसके अलावा प्याज और केसर के स्वाद के साथ बना रोस्टेड लैम्ब, क्रीमी सॉस में तैयार चिकन और मुगलई फ्लेवर में पकाया गया लैम्ब भी परोसा गया था।

शाकाहारी व्यंजनों में वॉटरमेलन क्रीम सूप, स्प्राउट्स और इमली-दही से भरी कुरकुरी पेस्ट्री, कमल ककड़ी और दालों से बने कबाब शामिल थे। इसे मैंगो सॉस के साथ परोसा गया था। इसके अलावा घर में बना चीज़ मटर मखनी ग्रेवी में, काले चने के साथ बासमती चावल की खास डिश, मौसमी सब्जियां और एस्परैगस ने मेन्यू को खास बनाया। हालांकि, सुरक्षा कारणों से यह स्पष्ट नहीं होता कि पुतिन ने इनमें से कौन-कौन से व्यंजन खाए, लेकिन यह साफ है कि हर दौरे में उनके लिए विशेष और सुरक्षित दावत तैयार की जाती है।

क्या पसंद करते हैं पुतिन?

जहां भारत में पुतिन के लिए शाही दावतें तैयार होती हैं, वहीं उनकी रोजमर्रा की डाइट बेहद साधारण है। वे सुबह की शुरुआत दलिया, कॉटेज चीज़ और शहद से करते हैं। इसके साथ अंडे और ताजा जूस लेते हैं। उन्हें मछली पसंद है- खासकर स्मोक्ड स्टर्जन। लैम्ब उन्हें बचपन से पसंद है। मीठा वे कम ही खाते हैं और सलाद, खीरा, टमाटर को प्राथमिकता देते हैं। कभी-कभी वे पिस्ता आइसक्रीम का आनंद भी लेते हैं। 23वें इंडिया-रूस समिट के लिए पुतिन भारत आ रहे हैं। उनके खास मेन्यू, पिछली भारत यात्राओं की दावतों और उनकी स्ट्रिक्ट डाइट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। 2014 और 2018 की दावतों में कश्मीर से मुगलई तक का स्वाद परोसा गया था।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 5 December 2025, 1:28 AM IST