हिंदी
कई राज्यों में भारी वर्षा की चेतावनी (Img- Pinterest)
New Delhi: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के साथ ही मॉनसून सक्रिय भूमिका में आ गया है। आज यानी 25 जून को देश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है, जबकि कुछ मैदानी इलाकों में अभी भी हल्की गर्मी और उमस का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है।
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में रह रहे लोगों को जल्द ही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस पूरे सप्ताह दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है।
25 जून को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 26 जून से मौसम में बड़ा बदलाव आएगा और गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
पूर्वी भारत के राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इन इलाकों में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। उत्तरी ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी भारत के असम, मेघालय और नागालैंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है। सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। पश्चिमी भारत की बात करें तो दक्षिण गुजरात और तटीय महाराष्ट्र (मुंबई समेत) में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, हालांकि पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी और गर्म हवाओं का असर दिख सकता है। उधर दक्षिण भारत के केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि हैदराबाद और बेंगलुरु में छिटपुट बारिश के साथ नमी बनी रहेगी।
देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून अब सामान्य से कम हुई बारिश की भरपाई कर रहा है। आईएमडी ने पहाड़ी और भारी बारिश वाले क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों को अपने फसल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। मौसम विभाग ने अपील की है कि लोग यात्रा पर निकलने से पहले मौसम ऐप और आधिकारिक चेतावनियों को जरूर चेक कर लें।
Location : New Delhi
Published : 25 June 2026, 7:47 AM IST