

देश के कई राज्यों में मानसून की वापसी के साथ भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। ओडिशा, मुंबई, तेलंगाना और कर्नाटक में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी हैं। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
देशभर में लौटता मानसून
New Delhi: देश के कई राज्यों में मानसून की वापसी के साथ भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के कारण ओडिशा के गंजाम जिले में सुबह लगभग 4:30 बजे तेज बारिश हुई। यह डिप्रेशन धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में कमजोर होने की संभावना है। ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश के चलते नबरंगपुर में ऑरेंज और अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में जारी भारी बारिश के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनसभा कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ। उनका कार्यक्रम पहले गंजाम जिले के बेरहामपुर में तय था, लेकिन तेज बारिश के कारण इसे झारसुगुड़ा में स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि झारसुगुड़ा में भी तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी है, जिससे सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
देशभर में लौटता मानसून
मुंबई और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटे में मुंबई में औसतन 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। बीएमसी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें और सावधानी बरतें। लोकल ट्रेन सेवा में कुछ देरी हो रही है, लेकिन ट्रैफिक की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
Weather Update: यूपी में मानसून विदाई की ओर, नवरात्रि के पहले दिन जानें कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद कर्नाटक के कालबुर्गी जिले में 27 और 28 सितंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है, क्योंकि लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है और यातायात बाधित हुआ है। भविष्य में और भी तेज बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भारी बारिश के कारण मुसी नदी उफान पर आ गई है। हिमायतसागर और उस्मानसागर जलाशयों के दरवाजे खोलने के बाद नदी के आसपास के इलाके जलमग्न हो गए हैं। चादरघाट पुल के पास सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। कई घरों में भी पानी घुस गया है, जिससे करीब 1,000 लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया।
हैदराबाद के महात्मा गांधी बस स्टेशन में जलभराव के कारण बस सेवाएं बंद करनी पड़ीं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को सभी प्रभावित इलाकों में सतर्क रहने और जरूरतमंदों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में बिजली चमकने, आंधी और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है।