उत्तर भारत में मानसून का प्रकोप: कई राज्यों में भारी बारिश से बढ़ी परेशानी, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

सावन माह में देशभर में मानसून चरम पर है। उत्तर भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 24 July 2025, 9:50 AM IST
google-preferred

New Delhi: सावन का महीना आते ही देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। बुधवार, 23 जुलाई से शुरू हुई बारिश ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाके जलभराव से जूझ रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार (24 जुलाई) को भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा, जबकि शुक्रवार से मूसलाधार बारिश की संभावना है। इससे कई क्षेत्रों में जलभराव और यातायात बाधित हो सकता है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 13 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया और सोनभद्र जैसे जिलों में गुरुवार को मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।

बिहार के तापमान में गिरावट

बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश और तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट की संभावना है। अररिया, पूर्णिया, बेगूसराय, किशनगंज, लखीसराय, मुंगेर, जमुई, गया, जहानाबाद, नवादा, बांका और भागलपुर जिलों में बिजली गिरने और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान को लेकर दी गई चेतावनी

राजस्थान में मौसम तेज़ी से बदल रहा है। पश्चिमी राजस्थान में 27 से 29 जुलाई तक और पूर्वी भागों में 24, 27 और 28 जुलाई को भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब निम्न दाब प्रणाली में बदल रहा है, जिसका असर राजस्थान समेत पूर्वी भारत पर पड़ेगा।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जम्मू में 24 जुलाई और 27-29 जुलाई के बीच भारी वर्षा का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उत्तराखंड में 23 से 29 जुलाई के बीच लगातार भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

देश के अधिकांश हिस्सों में सावन की बारिश राहत के बजाय परेशानी का सबब बन गई है। जलभराव, यातायात बाधा, बिजली गुल और मकानों में पानी भरने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम का यह दौर अगले कुछ दिनों तक और विकराल हो सकता है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 24 July 2025, 9:50 AM IST

Advertisement
Advertisement