हिंदी
पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार
Mainpuri: मैनपुरी जनपद में मजदूरी करने वाले एक युवक ने गांव के ही दो लोगों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जमौरा का है। गांव निवासी दुर्वेश कुमार पुत्र अवधेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बालाजी ईंट भट्टे पर मजदूरी का काम करता है।
पीड़ित के अनुसार वह ईंट भट्टे पर मोहम्मद समी और अब्दुल खान के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों ने उस पर आरोप लगाते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दुर्वेश कुमार ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित का कहना है कि इस मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसके हाथों में काफी चोट लगी और वह काम करने में असमर्थ हो गया है। दुर्वेश ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और इस घटना के बाद उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी मां के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने गया तो वहां भी उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित का कहना है कि उसने डायल 112 पर भी कॉल की थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है।
Location : Mainpuri
Published : 12 March 2026, 12:49 PM IST
Topics : allegations assault Casteist Slurs mainpuri SP Office