हिंदी
जसपाल सिंह सिंधल (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
New Delhi: कहते हैं कि सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि इसके लिए मजबूत इरादों और सही समय पर लिए गए फैसलों की जरूरत होती है। राजस्थान के सिरोही जिले के रहने वाले 22 वर्षीय जसपाल सिंह सिंधल ने इस बात को पूरी तरह सच साबित कर दिया है। एक साधारण स्मार्टफोन और बिना किसी महंगे गैजेट के उन्होंने करोड़ों रुपये की कंपनी खड़ी कर दी है, जहां आज उनके गांव के युवा भी 50,000 रुपये तक की मासिक सैलरी कमा रहे हैं।
कोरोना महामारी के दौर में जब पूरी दुनिया घरों में कैद थी, तब जसपाल 12वीं कक्षा के छात्र थे। उनके पास महंगे कैमरे, लैपटॉप या स्टूडियो जैसी कोई सुविधा नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने पास मौजूद एक साधारण फोन से ही मोटिवेशनल स्पीच, TED Talks और मशहूर हस्तियों के भाषणों के छोटे-छोटे वीडियो क्लिप्स बनाकर सोशल मीडिया पर डालने शुरू किए।
शुरुआत में यह सिर्फ एक शौक था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। एक दिन गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के भाषण की एक क्लिप इंटरनेट पर इस तरह वायरल हुई कि उसे 2.5 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल गए। इस एक वीडियो ने जसपाल की जिंदगी की दिशा बदल दी। उन्हें अहसास हुआ कि वीडियो क्लिपिंग का यह हुनर सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ा बिजनेस बन सकता है।
भारत में जैसे ही यूट्यूब शॉर्ट्स (YouTube Shorts) का क्रेज बढ़ा, जसपाल के चैनल 'Learn with Jaspal' ने रफ्तार पकड़ ली। साल 2021 में उनके पास महज 30,000 सब्सक्राइबर थे, जो अक्टूबर 2022 तक बढ़कर 10 लाख (1 मिलियन) और अगले ही महीने 20 लाख के पार पहुंच गए।
शुरुआत में उन्हें यूट्यूब से केवल 400 डॉलर मिले थे, लेकिन जब उनके वीडियो पर कुल 30 करोड़ व्यूज आए, तो एक महीने की कमाई बढ़कर 8,000 डॉलर (लगभग 6.5 लाख रुपये) तक पहुंच गई।
समय के साथ जब यूट्यूब के नियम सख्त हुए, तो जसपाल ने अपनी रणनीति बदली और केवल विज्ञापनों पर निर्भर रहने के बजाय खुद की कंपनी 'InflueX' की शुरुआत की।
आज उनकी कुल कमाई का 90% हिस्सा बड़े ब्रांड्स और पॉडकास्टर्स के लिए क्लिपिंग कैंपेन चलाने से आता है। इस बिजनेस मॉडल में बड़े पॉडकास्ट, इंटरव्यू और भाषणों को आकर्षक रील्स और शॉर्ट्स में बदलकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता है, जिसकी आज के समय में हर बड़ी कंपनी को जरूरत है।
सफलता की इस ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद जसपाल ने अपने गांव के युवाओं को साथ जोड़ा। आज उनकी कंपनी में 15 लोग काम कर रहे हैं, जिनमें कई ऐसे छात्र भी शामिल हैं जिन्होंने किसी वजह से अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। आज इन युवाओं की मेहनत रंग लाई है और कंपनी में काम करने वाले कई लोग हर महीने 50,000 रुपये तक की कमाई कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस क्लिपिंग इंडस्ट्री में भविष्य में लाइसेंस और लिखित अनुमति का महत्व बहुत बढ़ने वाला है। बिना अनुमति के किसी का कमर्शियल इस्तेमाल करना कानूनी मुसीबत खड़ी कर सकता है, इसलिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
जसपाल सिंह सिंधल की यह कहानी साबित करती है कि अगर आपके पास सही विजन और खुद को समय के अनुसार बदलने की क्षमता है, तो एक अदना सा स्मार्टफोन भी आपको फर्श से अर्श तक पहुंचा सकता है। उनकी यह पहल आज देश के अनगिनत युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुकी है।
Location : New Delhi
Published : 30 July 2026, 11:36 AM IST
Topics : Clipping Business InflueX Company Jaspal Singh Sindal Startup Success Story YouTube Shorts Earning
No related posts found.