RCB ने रचा इतिहास! बनी दुनिया की पहली $300 मिलियन ब्रांड वैल्यू वाली क्रिकेट टीम, जानें कैसे हुआ कमाल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्रिकेट की दुनिया में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। Houlihan Lokey की 2026 ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के मुताबिक RCB की ब्रांड वैल्यू 312 मिलियन डॉलर पहुंच गई है। इसके साथ ही वह दुनिया की पहली क्रिकेट फ्रेंचाइजी बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन डॉलर से ज्यादा है। वहीं IPL की कुल बिजनेस एंटरप्राइज वैल्यू भी बढ़कर 20.6 अरब डॉलर हो गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 July 2026, 5:37 PM IST
google-preferred

New Delhi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मैदान पर खिताब जीतने के अलावा अब बिजनेस और ब्रांड की दुनिया में भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। RCB दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। वैश्विक निवेश बैंक Houlihan Lokey की 2026 ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक RCB की ब्रांड वैल्यू 2025 में 269 मिलियन डॉलर थी, जो 2026 में बढ़कर 312 मिलियन डॉलर हो गई। यानी सिर्फ एक साल में फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू करीब 16 फीसदी बढ़ी है।

RCB ने कैसे बनाया ये बड़ा रिकॉर्ड?

RCB की ब्रांड वैल्यू में यह उछाल अचानक नहीं आया है। इसके पीछे कई सालों से बनी फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता, मजबूत फैन बेस, डिजिटल मौजूदगी, स्पॉन्सरशिप और IPL की बढ़ती व्यावसायिक ताकत अहम वजहें हैं। RCB की सबसे बड़ी ताकत उसकी फैन फॉलोइंग रही है। टीम के साथ लंबे समय तक जुड़े विराट कोहली जैसे बड़े स्टार ने भी ब्रांड की पहचान को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। मैदान पर टीम के प्रदर्शन के साथ सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही है।

IPL 2026 Final: RCB या GT किसे मिलेगी ट्रॉफी? जानिए विजेता और रनर-अप की करोड़ों की प्राइज मनी

मुंबई इंडियंस और CSK भी पीछे

ब्रांड वैल्यू की इस रैंकिंग में RCB सबसे ऊपर है। उसके बाद मुंबई इंडियंस 264 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स 245 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ तीसरे और चेन्नई सुपर किंग्स 244 मिलियन डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है। यानी RCB ने दूसरे नंबर पर मौजूद मुंबई इंडियंस के मुकाबले भी अच्छी खासी बढ़त बना ली है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि IPL में मुंबई और चेन्नई को लंबे समय से सबसे मजबूत और सफल ब्रांड्स में गिना जाता रहा है।

IPL की पूरी लीग भी हुई और मजबूत

RCB की ब्रांड वैल्यू में बढ़ोतरी के साथ-साथ पूरी IPL लीग की व्यावसायिक ताकत भी तेजी से बढ़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक IPL की कुल बिजनेस एंटरप्राइज वैल्यू 11.4 फीसदी बढ़कर 20.6 अरब डॉलर पहुंच गई है। यह लगातार दूसरा साल है जब IPL ने दोहरे अंकों में वृद्धि दर्ज की है। वहीं लीग की स्वतंत्र ब्रांड वैल्यू भी 10.3 फीसदी बढ़कर 4.3 अरब डॉलर हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 2023 के बाद से IPL की ब्रांड वैल्यू में 1.1 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हो चुका है।

RCB की बिक्री ने भी बढ़ाई चर्चा

IPL की बढ़ती व्यावसायिक ताकत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि फ्रेंचाइजियों के मालिकाना हक से जुड़े बड़े सौदे लगातार सामने आ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक RCB का अधिग्रहण Blackstone, Bolt Ventures, Aditya Birla Group और Times of India Group के कंसोर्टियम ने करीब 1.78 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर किया। वहीं राजस्थान रॉयल्स का मूल्यांकन 1.65 अरब डॉलर रहा।

RCB vs GT महामुकाबला: इतिहास में दोनों टीमों के बीच 4-4 की बराबरी, पहले क्वालिफायर में किसका पलड़ा रहेगा भारी?

1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा IPL

IPL की ताकत सिर्फ स्पॉन्सरशिप और टीम वैल्यू तक सीमित नहीं है। इसकी सबसे बड़ी ताकत दर्शकों की संख्या भी है। रिपोर्ट में JioStar के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया कि IPL 2026 सीजन 1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा। कुल दर्शकों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले करीब 7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह रही कि Connected TV IPL के लिए सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्लेटफॉर्म बना। इसकी पहुंच में 26 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। हालांकि पारंपरिक यानी Linear TV की रेटिंग में 18.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

डिजिटल और स्पॉन्सरशिप से बढ़ी कमाई

IPL की बढ़ती ब्रांड वैल्यू के पीछे डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रीमियम स्पॉन्सरशिप और मीडिया राइट्स का बड़ा योगदान है। रिपोर्ट के मुताबिक 2026 सीजन में IPL की कुल आय 1.8 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गई। डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल ने IPL को विज्ञापन और स्पॉन्सरशिप के लिए और ज्यादा आकर्षक बना दिया है। कंपनियां अब सिर्फ टीवी दर्शकों तक पहुंचने के बजाय डिजिटल ऑडियंस को भी ध्यान में रखकर IPL से जुड़ रही हैं।

'IPL ने खेल को देखने का नजरिया बदल दिया'

पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने IPL की बढ़ती ताकत पर कहा कि उन्हें हमेशा भरोसा था कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी खेल लीगों में शामिल होगी, लेकिन इतनी तेजी से यह मुकाम हासिल करेगी, इसकी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि संस्थागत निवेशकों और वैश्विक पूंजी का IPL फ्रेंचाइजियों में आना 2008 में लगाए गए भरोसे को सही साबित करता है। उनके मुताबिक IPL ने भारत में खेल को देखने का नजरिया बदल दिया, खिलाड़ियों के करियर बनाए, निवेश को बढ़ावा दिया और ऐसे स्पोर्ट्स ब्रांड तैयार किए जिनसे करोड़ों लोग भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।

Location :  New Delhi

Published :  29 July 2026, 5:37 PM IST

Related News

Advertisement