हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Bhavnagar: गुजरात के भावनगर में हत्या के एक आरोपी के साथ पुलिस की कथित पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। नीलमबाग थाना पुलिस पर आरोप है कि उसने लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोपी फैजल लखानी को घटनास्थल पर रस्सी से बांधा और डंडे से उसकी पिटाई की। पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देने की जरूरत बताया है, लेकिन पुलिस के इस तरीके पर कानूनी सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
सामने आए वीडियो में आरोपी फैजल लखानी को रस्सियों से बांधा हुआ दिखाई दे रहा है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे घटनास्थल के आसपास घसीटा और डंडे से पिटाई की। बताया गया कि यह कार्रवाई उस समय हुई, जब पुलिस हत्या की वारदात का घटनास्थल पर पुनर्निर्माण करा रही थी।
नीलमबाग थाने के पुलिस निरीक्षक डीपी उनाडकट ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव किया। उनका कहना है कि मामला बेहद गंभीर था और घटना के बाद लोगों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे थे।
पुलिस निरीक्षक के मुताबिक, आरोपी पर महिला की हत्या का गंभीर आरोप है। उन्होंने कहा कि लोगों में यह धारणा बन रही थी कि अपराधी महिलाओं और लड़कियों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस असहाय नजर आ रही है। ऐसे माहौल में अपराधियों को कड़ा संदेश देने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी था।
हालांकि, पुलिस की इस दलील के बावजूद आरोपी के साथ सार्वजनिक तौर पर की गई कथित मारपीट ने पुलिस की कार्रवाई के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
UPSSSC Computer Operator Main Examination: इस तारीख से शुरू होंगे आवेदन, जानें पूरी चयन प्रक्रिया
पुलिस के अनुसार, काजल बरैया और फैजल लखानी करीब सात साल से भावनगर में साथ रह रहे थे। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद फैजल को काजल के किसी अन्य व्यक्ति के साथ रिश्ते में होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि फैजल ने काजल और रवि पर हमला किया। गंभीर हालत में काजल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने फैजल को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।
आंखों के सामने उजड़ी गोद, रो-रोकर बेहाल हुई मां! 22 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद मिला युवक का शव
मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि गुजरात में पुलिस द्वारा आरोपियों की सार्वजनिक पिटाई को लेकर पहले से दिशा-निर्देश मौजूद हैं। हाईकोर्ट में चल रहे एक मामले में पुलिस की ऐसी कार्रवाई पर सवाल उठ चुके हैं। राज्य के गृह विभाग की ओर से जारी सर्कुलर में आरोपियों को सार्वजनिक रूप से पीटने या अपमानित करने जैसी कार्रवाई को अनुशासनात्मक कार्रवाई का आधार बताया गया था।
Location : Bhavnagar
Published : 6 September 2026, 3:15 PM IST