हिंदी
गोवा के एक नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस हादसे के अभियुक्त सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया गया है। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या समेत गंभीर आरोप हैं।
लूथरा ब्रदर्स पहुंचे दिल्ली एयरपोर्ट
New Delhi: गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के मामले में अहम मोड़ आया है। इस घटना के मुख्य अभियुक्त और नाइट क्लब के सह-मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को मंगलवार को थाईलैंड से भारत लाया गया है। दोनों भाइयों को अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत प्रत्यर्पित किया गया, जिसके बाद अब उनसे भारत में पूछताछ की जाएगी। गोवा पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, छह दिसंबर को हुए इस दर्दनाक हादसे के कुछ ही घंटों बाद लूथरा ब्रदर्स देश छोड़कर थाईलैंड चले गए थे। इसके बाद गोवा पुलिस ने मामले की जांच तेज की और इंटरपोल के माध्यम से दोनों भाइयों के खिलाफ नोटिस जारी कराया। 11 दिसंबर को थाईलैंड पुलिस ने फुकेत में दोनों को हिरासत में ले लिया था।
गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: थाईलैंड से भारत लाए जा रहे लूथरा ब्रदर्स, जानें क्या होगी आगे की प्रक्रिया?
इस मामले में नाइट क्लब के तीसरे साझेदार अजय गुप्ता को पहले ही पिछले सप्ताह दिल्ली से हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, भारत लौटने के बाद सौरभ और गौरव लूथरा से गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य गंभीर आरोपों में पूछताछ की जाएगी।
वहीं, दोनों आरोपी अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कभी कानून से भागने की कोशिश नहीं की और एक बड़े हादसे के लिए उन्हें गलत तरीके से जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। अब आगे की जांच और पूछताछ से इस मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
गोवा पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स को दिल्ली में मेडिकल जांच के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट में उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी ताकि उन्हें गोवा पुलिस की हिरासत में रखा जा सके। अधिकारियों ने यह भी बताया कि उनके पासपोर्ट भारतीय सरकार द्वारा जब्त किए जा चुके हैं और इंटरपोल के माध्यम से उनके खिलाफ ब्लू नोटिस भी जारी किया गया है।
Goa Nightclub Fire: आज थाईलैंड से दिल्ली लाए जाएंगे लूथरा ब्रदर्स, एयरपोर्ट पर होंगे गिरफ्तार
सौरभ और गौरव लूथरा के नाइटक्लब में 6-7 दिसंबर की दरमियानी रात लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। आग इतनी भीषण थी कि वहां मौजूद कई लोग बाहर निकल नहीं पाए। हादसे के कुछ घंटों बाद ही दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे। इस घटना ने गोवा और पूरे देश में चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया।
गोवा पुलिस ने तुरंत उनकी गिरफ्तारी के लिए इंटरनेशनल मदद ली और थाईलैंड से प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की। पिछले सप्ताह थाईलैंड की अधिकारियों ने फुकेत स्थित उनके होटल से उन्हें हिरासत में लिया और भारतीय अधिकारियों को उनके प्रत्यर्पण की जानकारी दी।