दुर्गा पूजा से पहले देवघर में बड़ी तैयारी, 500 स्ट्रीट लाइट और सफाई पर जोर; लेकिन शहर की गंदगी बनी चुनौती

दुर्गा पूजा से पहले देवघर में नगर निगम ने तैयारियां तेज करने का दावा किया है। पूजा स्थलों और प्रमुख मार्गों पर 500 स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती और अतिक्रमण हटाने की तैयारी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 2 October 2026, 7:11 PM IST
google-preferred

Deoghar News: दुर्गा पूजा को लेकर देवघर में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के कई इलाकों में पूजा पंडाल आकार लेने लगे हैं और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने भी अपनी तैयारियों को गति देने का दावा किया है। रोशनी, सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई स्तर पर काम की योजना बनाई गई है।

गंदगी को लेकर उठे सवाल

हालांकि, निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ पूजा के दौरान व्यवस्था संभालने की नहीं है। शहर के कई हिस्सों में दिखाई दे रही गंदगी और सड़क किनारे अतिक्रमण ने तैयारियों को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पूजा शुरू होने तक योजनाएं जमीन पर कितनी दिखाई देती हैं।

पूजा से पहले 500 स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी

नगर आयुक्त सुलोचना मीणा के मुताबिक दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम क्षेत्र में करीब 3,500 स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है। फिलहाल दुर्गा पूजा (Durga Pooja) को देखते हुए लगभग 500 स्ट्रीट लाइट (Street Lights) लगाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। पूजा पंडालों और उन रास्तों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है, जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही ज्यादा रहने की संभावना है। निगम का दावा है कि प्रमुख मार्गों और पूजा स्थलों के आसपास रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है।

दुर्गा पूजा से पहले देवघर में तैयारी (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़ें- ‘एक कचौड़ी दो समोसा, मर्द जात का क्या भरोसा’ का क्या है सही मतलब, दिल्ली की लड़कियों ने बताया पूरा सच

सफाई व्यवस्था की भी होगी बड़ी परीक्षा

दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ कचरे का दबाव भी बढ़ जाता है। इसे देखते हुए नगर निगम अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की तैयारी कर रहा है। निगम के अनुसार मुख्यमंत्री श्रमिक योजना से जुड़े सफाई कर्मियों की भी पूजा के दौरान ड्यूटी लगाई जाएगी। दो पालियों में अतिरिक्त कर्मियों को तैनात कर पंडालों और भीड़ वाले इलाकों में नियमित सफाई कराने की योजना है।

अतिक्रमण हटाने के लिए चलेगा अभियान

पूजा के दौरान पंडालों के आसपास भीड़ बढ़ने से यातायात पर दबाव बढ़ने की आशंका रहती है। सड़क किनारे अतिक्रमण इस समस्या को और बढ़ा सकता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने प्रमुख इलाकों को चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू की है।

ये भी पढ़ें- देवघर में एक के बाद एक गिरफ्तारी, कहां से पहुंच रही ब्राउन शुगर की खेप?

कई वर्षों बाद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारी

नगर निगम के मेयर रवि राउत ने कहा कि कई वर्षों बाद निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दुर्गा पूजा की तैयारियां हो रही हैं। उनके मुताबिक वह शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रहे हैं। मेयर ने पूजा पंडालों से निकलने वाले कचरे के उचित निस्तारण पर भी ध्यान देने की बात कही है। पूजा के दौरान बढ़ने वाले कचरे के साथ शहर में पहले से जमा कचरे को हटाना भी निगम के लिए अहम चुनौती रहेगा।

विसर्जन वाले तालाबों पर भी रहेगी नजर

दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार के अनुसार विसर्जन वाले तालाबों की सफाई के लिए विशेष अधिसूचना जारी की जाएगी।प्रशासन की कोशिश है कि निर्धारित नियमों के तहत ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाए और विसर्जन स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं।

पुलिस भीड़ और सुरक्षा को लेकर तैयार

दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के मुताबिक प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी प्रमुख इलाकों की निगरानी की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

नगर निगम की ओर से 500 स्ट्रीट लाइट लगाने, अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती और अतिक्रमण हटाने की योजना बताई गई है। लेकिन शहर में मौजूदा गंदगी और अव्यवस्था को देखते हुए सबसे बड़ा सवाल यही रहेगा कि इन तैयारियों का असर जमीन पर कितना दिखाई देता है। पूजा शुरू होने में जैसे-जैसे समय कम होगा, निगरानी और तैयारियों का दबाव भी बढ़ेगा।

Location :  Deoghar

Published :  2 October 2026, 6:58 PM IST

Related News

Advertisement