Weather Update: Delhi-NCR में झमाझम बारिश, IMD का रेड अलर्ट जारी; जानें अगले कुछ दिनों का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम सुहावना हुआ। IMD ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी कर भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी है। जानें 10 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 5 July 2026, 3:33 PM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। राजधानी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

बारिश से बदला मौसम का मिजाज

पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को रविवार की बारिश ने राहत पहुंचाई। सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया।

दिल्ली में रेड अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। विभाग ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है।

नोएडा में रातभर बारिश के आसार

नोएडा में रविवार सुबह तेज धूप और उमस रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदल गया और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, रात के दौरान भी बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

Weather Update: दिल्ली में उमस बरकरार, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रुक-रुक कर बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 से 10 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में न रुकने की अपील की है। वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Location :  New Delhi

Published :  5 July 2026, 3:33 PM IST

Advertisement