हिंदी
दिल्ली मौसम (Img: X)
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए मौसम को लेकर राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और 21 व 22 जुलाई को इसका सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि तेज हवाओं, गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश के चलते राजधानी और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी तथा लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 जुलाई को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
21 जुलाई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसी तरह 22 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई से 25 जुलाई तक भी दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। लगातार बारिश और बादलों की वजह से भीषण गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
आखिर कैसे जंतर-मंतर का छोटा सा धरना बन गया देश का सबसे बड़ा युवा आंदोलन?
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोग सतर्क रहें। बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, खुले मैदानों में न जाएं और मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखें। प्रशासन ने भी लोगों से सुरक्षित यात्रा करने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही घर से निकलने की अपील की है।
Location : New Delhi
Published : 20 July 2026, 6:25 PM IST