Ajit Pawar Death: अजित पवार के निधन पर देशभर में फैला शोक, जानें किसने क्या कहा?

बारामती में विमान दुर्घटना के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार के निधन के बाद, देशभर में शोक की लहर फैल गई है। इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई दिग्गजों ने शोक जताया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 January 2026, 11:22 AM IST
google-preferred

New Delhi: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान बुधवार सुबह बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनका निधन हो गया। लैंडिंग के दौरान हुए इस हादसे में विमान धुएं के गुबार के साथ किसी खेत में गिरा। इस विमान पर सवार 6 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है।

पीएम मोदी ने शेयर की तस्वीर

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, "अजीत पवार जी जनता के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत जुड़ाव था। महाराष्ट्र के लोगों की सेवा करने में सबसे आगे रहने वाले एक मेहनती व्यक्तित्व के तौर पर उनका बहुत सम्मान किया जाता था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून भी काबिले तारीफ था। उनका असमय निधन बहुत चौंकाने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।

राष्ट्रपति मूर्मु ने जताया शोक

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अजित पवार के निधन पर शोक जताते हुए कहा, "महाराष्ट्र के बारामती में एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री, श्री अजित पवार समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अजित पवार जी का असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें महाराष्ट्र के विकास में, विशेषकर सहकारी क्षेत्र में, विशेष योगदान के लिए सदैव याद रखा जाएगा। मैं उनके परिवार, समर्थकों एवं प्रशंसकों के प्रति गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। ईश्वर इस दुर्घटना में मारे गए अन्य सभी लोगों के परिवारों को भी इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

राहुल गांधी ने निधन पर जताया शोक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अजीत पवार के निधन पर कहा, "महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी और उनके सहयात्रियों की आज हवाई जहाज दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस शोक के पल में महाराष्ट्र की जनता के साथ हूं। समस्त पवार परिवार और प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

 

अजित पवार एक समर्पित और कर्मठ नेता रहे- शिवसेना सांसद

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद, हमारे बीच मतभेद थे, लेकिन अजित पवार सच में एक समर्पित और कर्मठ नेता रहे।

अखिलेश यादव ने जताया शोक

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम श्री अजीत पवार जी का विमान दुर्घटना में निधन, अत्यंत दुःखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।"

अमित शाह ने क्या कहा?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NDA के हमारे वरिष्ठ साथी अजीत पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। अजीत पवार जी ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।"

राजनाथ सिंह ने जताया शोक

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजीत पवार के असमय निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा और दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में, वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे। वे लोगों के प्रति अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।"

चंद्रबाबू नायडू ने दुख व्यक्त किया

आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने अजीत पवार के निधन पर कहा, "आज सुबह एक प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री श्री अजीत पवार जी के अचानक निधन से मैं स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। मैं उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

अन्य नेताओं ने भी दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने इसे गंभीर हादसा बताया। एन.के. रामचंद्रन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और कहा कि उपमुख्यमंत्री और उनकी टीम यात्रा कर रहे थे। समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव ने इसे बेहद दुखद खबर बताया। भाजपा के गिरिराज सिंह ने कहा कि यह राजनीतिक क्षेत्र के लिए भी बड़ी क्षति है और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति मिले।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 28 January 2026, 11:22 AM IST

Advertisement
Advertisement