सोनभद्र से देवघर के लिए रवाना हुआ कांवरियों का जत्था, सावन के सोमवार को करेंगे जलाभिषेक

सोनभद्र के चोपन से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए कांवरियों का जत्था रवाना हुआ है। बारिश भरे मौसम में भक्त सोमवार को भोलेनाथ पर जलाभिषेक करेंगे।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 20 July 2025, 5:29 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: सावन के पवित्र महीने में शिवभक्तों की आस्था चरम पर है। जिले के चोपन क्षेत्र से रविवार को बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए कांवरियों का एक बड़ा जत्था रवाना हुआ। बारिश और ठंडी फुहारों के बीच भक्तों का जोश देखते ही बन रहा था। यह जत्था सोमवार को सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक करेगा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, भक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा की शुरुआत की। इस बार खास बात यह रही कि जत्थे में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह यात्रा न सिर्फ धार्मिक है, बल्कि आध्यात्मिक शांति और आत्म-साक्षात्कार का माध्यम भी है।

बारिश ने बढ़ाई भक्ति की रौनक

भक्त संजय सिंह ने बताया कि रविवार को पूरे दिन बारिश और हल्की फुहारों का दौर चलता रहा, जिससे मौसम बेहद खुशनुमा हो गया। इस सुहाने मौसम में यात्रा शुरू करने का अनुभव और भी दिव्य हो गया। उन्होंने कहा, हम हर साल अलग-अलग जगहों पर जाकर बाबा को जल चढ़ाते हैं, लेकिन देवघर का अनुभव हमेशा खास होता है।

Kanwar Yatra

देवघर में भोलेनाथ को चढ़ेगा श्रद्धा का जल

पहली बार बाबा के दरबार में जल चढ़ाने का उत्साह

गौरव नगर से निकली एक टोली में शामिल शुभम सिंह ने बताया कि वह पहली बार बाबा धाम जलाभिषेक के लिए जा रहे हैं। उनके साथ जा रहे ज्यादातर श्रद्धालु कई वर्षों से इस यात्रा में भाग लेते आ रहे हैं। 12वीं के छात्र रिशु ने भी पहली बार बाबा के दरबार में जल चढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, भोले बाबा के नाम में जो शक्ति है, वह कहीं और नहीं मिलती। दोस्तों और परिवार वालों की प्रेरणा से पहली बार इस यात्रा पर जा रहा हूं।

धर्म, आस्था और एकता का प्रतीक

यात्रा में शामिल भक्तों ने कहा कि हिंदू धर्म का मूल आधार ही आस्था है। जत्थे में शामिल एक श्रद्धालु ने कहा, हिंदू धर्म मतलब आस्था, और आस्था मतलब हिंदू धर्म। जब भी मौका मिलता है, हम लोग इकट्ठा होकर भगवान के दरबार में जाते हैं। यह कुछ पल हमें दुनिया के शोर-शराबे से दूर ले जाते हैं।

बाबा बैद्यनाथ का महत्व

बाबा बैद्यनाथ धाम, झारखंड के देवघर में स्थित, 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और सावन महीने में यहां करोड़ों भक्त जल चढ़ाने आते हैं। यह स्थान कांवर यात्रा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। हर साल उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

सुरक्षा और व्यवस्था के खास इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत को देखते हुए कांवर यात्रा के मार्गों पर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। हालांकि, यह जत्था निजी स्तर पर संगठित हुआ है, लेकिन प्रशासन और स्थानीय समाजसेवी संस्थाएं उन्हें हर संभव सहायता देने को तैयार हैं।

Location : 

Published :