हिंदी
जापान का मशहूर ‘फ्रूट सैंडो’ अब भारत में वायरल (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: इंटरनेट मीडिया रील्स और फूड व्लॉग्स की दुनिया से निकलकर एक जापानी डेजर्ट इन दिनों भारतीय युवाओं की जुबान पर छाया हुआ है। यह है ‘फ्रूट सैंडो’, जिसे पारंपरिक रूप से जापानी फ्रूट सैंडविच कहा जाता है। दिखने में बेहद रंगीन और आकर्षक यह डेजर्ट गर्मियों में स्वाद और खूबसूरती का अनोखा फ्यूजन पेश कर रहा है। मुंबई से लेकर बेंगलुरु, दिल्ली और कोच्चि तक इसका ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है।
फ्रूट सैंडो असल में सैंडविच और पेस्ट्री का एक अनोखा मेल है। आम सैंडविच में जहां आलू, सब्जियां और चटनी होती हैं, वहीं इसमें मिठास और ताजगी का फोकस रहता है। इसे बनाने के लिए तीन मुख्य चीजें इस्तेमाल होती हैं।
पहली, जापानी ‘शोकूपान’ यानी सॉफ्ट, स्पंजी और हल्की मीठी मिल्क ब्रेड। दूसरी, ठंडी और गाढ़ी व्हिप्ड क्रीम जो मलाई जैसी होती है। तीसरी, ताजे फल जैसे स्ट्रॉबेरी, कीवी, आम, अंगूर और संतरा। इन तीनों को इस तरह सजाया जाता है कि काटने पर अंदर का क्रॉस-सेक्शन किसी कलाकृति जैसा दिखाई देता है।
भारत में फ्रूट सैंडो का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, और इसकी सबसे बड़ी वजह सोशल मीडिया है। इसके आकर्षक वीडियो और साफ-सुथरे ज्यामितीय कट लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा यह गर्मियों के लिए एक परफेक्ट डेजर्ट माना जा रहा है।
भीषण गर्मी में जब भारी मिठाई खाने का मन नहीं करता, तब ठंडी क्रीम और रसीले फलों से बना यह सैंडविच एक रिफ्रेशिंग विकल्प बन जाता है। भारतीय शेफ्स ने इसमें आम जैसे देसी फलों को शामिल कर इसे और भी लोकप्रिय बना दिया है।
यह जापानी डेजर्ट अब भारत के कई शहरों में आसानी से मिल रहा है।
Mumbai के बांद्रा इलाके में Galesimo अपने बजट-फ्रेंडली फ्रूट सैंडो के लिए जाना जा रहा है। वहीं मलाड में Tokyo Witch अपने प्रीमियम और माचा फ्लेवर वाले वर्जन परोस रहा है।
Bengaluru में इंदिरानगर स्थित Sandoiched और एचएसआर लेआउट का Sandoicchi Kojo जापानी स्टाइल में इन-हाउस मिल्क ब्रेड के साथ यह डेजर्ट पेश कर रहे हैं।
Kochi के Oishi Cafe ने इसका एक अलग रूप ‘डीप फ्राइड फ्रूट सैंडो’ के रूप में पेश किया है, जो बाहर से क्रिस्पी और अंदर से क्रीम से भरा होता है।
दिलचस्प बात यह है कि Delhi के पुराने हिस्से में स्थित Jain Coffee House पिछले कई दशकों से फ्रूट सैंडविच परोस रहा है, जिसमें पनीर, मौसमी फल और फ्रूट चटनी का इस्तेमाल होता है।
घर पर फ्रूट सैंडो बनाना बेहद आसान है, खासकर आम के मौसम में। इसके लिए सॉफ्ट मिल्क ब्रेड, व्हिपिंग क्रीम, पिसी चीनी और पके आम की जरूरत होती है।
ठंडी क्रीम को अच्छी तरह फेंटकर गाढ़ा कर लें। ब्रेड पर क्रीम की मोटी परत लगाएं और बीच में आम के स्लाइस रखें। ऊपर से फिर क्रीम लगाकर दूसरी ब्रेड रखें। इसे क्लिंग रैप में लपेटकर एक घंटे फ्रिज में रख दें। बाद में तिरछा काटकर ठंडा-ठंडा सर्व करें।
Location : New Delhi
Published : 14 June 2026, 1:09 PM IST