Toronto में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना हत्याकांड में बड़ा खुलासा, महीनों बाद आरोपी अब्दुल गफूरी गिरफ्तार

कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई महीनों से फरार चल रहे आरोपी अब्दुल गफूरी को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर पहले से कनाडा-भर में वारंट जारी था।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 9 August 2026, 11:56 AM IST
google-preferred

New Delhi: कनाडा के टोरंटो में दिसंबर 2025 में हुई भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल गफूरी को गिरफ्तार कर लिया है। 32 वर्षीय गफूरी को एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

पुलिस ने अब्दुल गफूरी पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर यानी पहले से योजना बनाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। यह कनाडा में सबसे गंभीर आपराधिक मामलों में गिना जाता है। यदि अदालत में आरोप साबित होते हैं, तो आरोपी को आजीवन कारावास जैसी कड़ी सजा मिल सकती है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चला अभियान

जांच एजेंसियों ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए टोरंटो पुलिस की विशेष टीम ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया। कई महीनों की तलाश के बाद गफूरी को कनाडा लौटते समय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, पुलिस ने यह जानकारी नहीं दी कि गिरफ्तारी से पहले वह किस देश में रह रहा था।

यह भी पढ़ें: कनाडा से छुट्टी बिताने मेरठ आए इंजीनियर का एक स्टेटस पड़ा भारी, जानिए क्या है इस पूरे विवाद का सच

दिसंबर में मिला था हिमांशी का शव

पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर को एक महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके अगले दिन 20 दिसंबर को टोरंटो के स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट क्षेत्र स्थित एक घर से हिमांशी खुराना का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू की थी।

दोनों एक-दूसरे को जानते थे

जांच में सामने आया कि हिमांशी खुराना और आरोपी अब्दुल गफूरी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह का खुलासा अभी नहीं किया है। मामले की जांच अभी भी जारी है और अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

भारतीय दूतावास ने जताया था दुख

घटना के बाद टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हिमांशी खुराना की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया था। दूतावास ने कहा था कि वह लगातार कनाडाई अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें: निज्जर की हत्या में कनाडा के पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो का दावा खारिज, क्या अमेरिका के हवाले होगा लॉरेंस बिश्नोई?

अब आगे बढ़ेगी कानूनी प्रक्रिया

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब अदालत में सुनवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  9 August 2026, 11:56 AM IST

Related News

Advertisement