हिंदी
जापान-वेनेजुएला में शक्तिशाली भूकंप से हाहाकार (Img- IANS)
Tokyo: जापान और वेनेजुएला के कुछ हिस्से गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से दहल गए। जापान के उत्तर-पूर्वी हिस्से में गुरुवार सुबह 6.9 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप महसूस किया गया, जबकि वेनेजुएला में कुछ मिनटों के भीतर दो बड़े भूकंप आए।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 7:30 बजे इवाते प्रांत के प्रशांत तट के पास आया और इसका केंद्र जमीन से 50 किलोमीटर नीचे था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अधिकारियों ने कहा कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
एजेंसी ने बताया कि जापान के 7-स्तरीय भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर आओमोरी प्रांत के हाशिकामी में 'अपर 6' और हाचिनोहे में 'लोअर 6' दर्ज की गई। साथ ही, आओमोरी प्रांत के सान्नोहे और इवाते प्रांत के मोरियोका व कई अन्य इलाकों में 'अपर 5' तीव्रता के झटके महसूस किए गए।
क्योदो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मियागी, होक्काइडो, अकिता, यामागाता और फुकुशिमा प्रांतों में जबरदस्त झटके महसूस किए गए, जबकि राजधानी टोक्यो और आसपास के क्षेत्रों में भी भूकंप का असर देखा गया।
US Iran Talks: बड़ा समझौता या महायुद्ध? अमेरिका-ईरान बैठक के बीच ट्रंप की इस चेतावनी से सहमा तेहरान
एजेंसी ने बताया कि 'अपर 6' तीव्रता के झटकों के दौरान लोगों के लिए खड़ा रहना या सामान्य रूप से चलना लगभग असंभव हो जाता है और उन्हें रेंगकर चलना पड़ सकता है। एजेंसी ने यह भी कहा कि इस स्तर के भूकंप में बिना सुरक्षित किए गए अधिकांश फर्नीचर अपनी जगह से खिसक सकते हैं और कई वस्तुएं गिर सकती हैं।
भूकंप के बाद रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। ईस्ट जापान रेलवे कंपनी (जेआर ईस्ट) ने सुरक्षा जांच के दौरान एहतियात के तौर पर सेंडाई और शिन-आओमोरी स्टेशनों के बीच तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन का परिचालन कुछ समय के लिए रोक दिया।
इस बीच, वेनेजुएला में एक मिनट के भीतर दो बड़े भूकंप आए, जिससे जान-माल के नुकसान और बड़े पैमाने पर तबाही की आशंका बढ़ गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन झटकों के कारण राजधानी काराकस में इमारतें ढह गईं।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने 7.1 तीव्रता के भूकंप की सूचना दी, जिसके ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का और भी जबरदस्त झटका महसूस किया गया। ये दोनों भूकंप काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित तटीय शहर मोरोन के पास आए।
भूकंप का केंद्र जमीन से सिर्फ 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जिससे तबाही का असर और भी अधिक हो सकता है। यूएसजीएस ने कहा है कि इन दो भूकंपों के बाद भारी जान-माल का नुकसान होने की आशंका है।
इनपुट- आईएएनएस
Location : Tokyo
Published : 25 June 2026, 8:10 AM IST