King Kong भी बना भोले बाबा का भक्त, हरिद्वार से दिल्ली ला रहा कांवड़

हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे कांवड़ियों के बीच किंगकांग बने शिवभक्त रोहित आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्कूटी पर किंगकांग की पोशाक पहनकर कांवड़ यात्रा कर रहे रोहित के साथ सेल्फी लेने के लिए लोग जुट रहे हैं। गर्मी और भारी कॉस्ट्यूम के बावजूद वह भोलेनाथ की भक्ति में आगे बढ़ रहे हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 August 2026, 1:13 PM IST
google-preferred

New Delhi: हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रहे कांवड़ियों के बीच इन दिनों एक अनोखा शिवभक्त आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कांवड़ मार्ग पर स्कूटी पर सवार किंगकांग को देखने के लिए जगह-जगह शिवभक्तों और बच्चों की भीड़ जुट रही है। भीषण गर्मी के बावजूद मोटी पोशाक और मास्क पहनकर कांवड़ यात्रा कर रहे इस किंगकांग के साथ सेल्फी लेने वालों की होड़ लगी हुई है। रास्ते में जहां भी यह स्कूटी रुकती है, वहां लोग इसे देखने के लिए इकट्ठा हो जाते हैं। कोई तस्वीर लेता नजर आता है तो कोई इस अनोखे अंदाज की तारीफ करता दिखाई देता है।

भोलेनाथ के नाम पर गर्मी भी नहीं रोक पाई कदम

किंगकांग का रूप धारण करने वाले शिवभक्त रोहित का कहना है कि वह भगवान भोलेनाथ का नाम लेकर यात्रा पर निकले हैं, इसलिए गर्मी और धूप उनके लिए बड़ी चुनौती नहीं है। उनका कहना है कि इस अलग अंदाज का उद्देश्य कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का मनोरंजन करना और यात्रा को यादगार बनाना है। रोहित ने बताया कि यह उनकी तीसरी कांवड़ यात्रा है। इससे पहले वह हर साल सामान्य तरीके से कांवड़ लेकर जाते थे, लेकिन इस बार कुछ नया करने का विचार आया। इसी सोच के साथ उन्होंने किंगकांग का रूप धारण किया।

एक महीने की तैयारी के बाद तैयार किया अनोखा रूप

रोहित ने बताया कि किंगकांग की पोशाक पहनकर यात्रा करने के लिए उन्होंने करीब एक महीने तक तैयारी और रिहर्सल की। यह कॉस्ट्यूम काफी भारी और मोटा है, जिसे लंबे समय तक पहनकर चलना आसान नहीं होता। गर्मी से राहत के लिए पोशाक के अंदर पीछे की तरफ छोटा पंखा लगाया गया है। हालांकि इसके बावजूद कई घंटों तक इस पोशाक में रहना शरीर के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है। रोहित का कहना है कि भोलेनाथ की भक्ति और आस्था के कारण उन्हें यह कठिनाई ज्यादा महसूस नहीं होती।

हर दो-तीन घंटे में लेते हैं आराम

रोहित स्कूटी पर पीछे बैठकर कांवड़ संभाल रहे हैं, जबकि उनके साथी रोहन स्कूटी चला रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए दोनों हर दो से तीन घंटे के अंतराल पर रुककर आराम करते हैं। इस दौरान खाना-पीना करने के साथ कुछ देर विश्राम भी किया जाता है। रोहित को भी कॉस्ट्यूम उतारकर राहत दी जाती है, ताकि गर्मी का असर शरीर पर ज्यादा न पड़े। कांवड़ मार्ग पर किंगकांग बने रोहित का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक तरफ लोग उनकी भक्ति और मेहनत की सराहना कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनका अनोखा रूप कांवड़ यात्रा में आकर्षण का नया केंद्र बन गया है।

 

Location :  Meerut News

Published :  9 August 2026, 1:13 PM IST

Related News

Advertisement