Zubeen Garg Death: हिंदी संगीत जगत के मशहूर गायक जुबीन गर्ग का निधन, मौत का कारण बनी ये वजह

असमिया और हिंदी संगीत जगत के मशहूर गायक जुबीन गर्ग का निधन हो गया है। 52 वर्षीय सिंगर सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे का शिकार हो गए। इंडस्ट्री और फैंस उनके यूं अचानक चले जाने से सदमे में हैं।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 19 September 2025, 3:51 PM IST
google-preferred

Mumbai: भारतीय संगीत जगत के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इन दिनों सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में शामिल होने पहुंचे थे। फेस्टिवल का आयोजन 19 से 21 सितंबर तक होना था। इसी दौरान वह स्कूबा डाइविंग करने गए, जहां अचानक एक हादसा हो गया।

जानकारी के मुताबिक, जुबीन गर्ग को सिंगापुर पुलिस ने समुद्र से रेस्क्यू किया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में शिरकत करने पहुंचे थे

जुबीन गर्ग सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में भाग लेने गए थे। यह कार्यक्रम 19 से 21 सितंबर तक आयोजित होना था। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही यह दुखद घटना घट गई। उनकी मौत की खबर फैलते ही म्यूजिक इंडस्ट्री, बॉलीवुड और उनके चाहने वालों में गहरा सदमा छा गया।

बॉलीवुड को दिए सुपरहिट गाने

जुबीन गर्ग का नाम केवल असम ही नहीं, बल्कि पूरे देश में मशहूर था। उन्होंने बॉलीवुड को भी कई यादगार गाने दिए। फिल्म ‘गैंगस्टर’ का गाना "या अली" उनकी पहचान बन गया। इस गीत ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया और आज भी यह लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘कांटे’ के गाने "जाने क्या होगा रामा रे" में भी अपनी आवाज दी थी। इस गाने में उन्होंने शान और सुदेश भोसले जैसे बड़े कलाकारों के साथ अपनी जादुई आवाज का रंग भरा।

असम के सांस्कृतिक प्रतीक

जुबीन गर्ग को असम का सांस्कृतिक प्रतीक माना जाता था। उनकी आवाज और संगीत ने असम की संस्कृति को नई पहचान दिलाई। उन्होंने असमिया, हिंदी और अन्य भाषाओं में हजारों गाने गाए और अपनी धुनों से लाखों दिलों पर राज किया।

राजनीतिक जगत ने भी जताया शोक

जुबीन के निधन से केवल संगीत जगत ही नहीं, बल्कि राजनीतिक जगत भी गहरे सदमे में है। वरिष्ठ राजनेता रिपुन बोरा ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “हमारे सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग के असामयिक निधन से गहरा सदमा हुआ है। उनकी आवाज, संगीत और साहस ने असम और देश की पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। शांति से विश्राम करें, लीजेंड जुबीन गर्ग।”

फैंस में शोक की लहर

जुबीन गर्ग की मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। ट्विटर से लेकर फेसबुक और इंस्टाग्राम तक हर जगह उनके चाहने वालों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कई लोगों ने लिखा कि जुबीन की आवाज हमेशा जीवित रहेगी और उनका संगीत अमर रहेगा।

Location :