हिंदी
खागा में वीडियो बनाने पर पुलिस ने युवक को पीटा (img: Dynamite News)
Fatehpur: फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विजयीपुर चौराहे पर ओवरलोड ट्रकों की जांच के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि वह पूरी घटना का वीडियो बना रहा था, इसी बात से नाराज पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्रता की और डंडे से पीटा। घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मामला खागा तहसील क्षेत्र के विजयीपुर चौराहे का है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह किशनपुर थाना क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मी ओवरलोड ट्रकों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने कथित तौर पर तेज गति से ट्रक निकालने की कोशिश की। इस दौरान ट्रक बैरिकेडिंग से टकरा गया और बैरिकेडिंग क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ट्रक चालक के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
इस दौरान वहां मौजूद आयुष यादव नाम का युवक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। आयुष का आरोप है कि वीडियो बनाते देख उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे और सिपाही दीपक वर्मा नाराज हो गए। युवक का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप है कि उसे फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। आयुष के मुताबिक करीब आधे घंटे तक उसका मोबाइल पुलिसकर्मियों के पास रहा। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और डंडे से मारपीट भी की गई।
आयुष यादव ने आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के दौरान होने वाली गतिविधियों का वीडियो बनाने या सवाल उठाने पर इसी तरह परेशान किया जाता है। उसका कहना है कि वह केवल पूरी घटना को रिकॉर्ड कर रहा था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने के लिए उसके साथ मारपीट की। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है।
फतेहपुर में पसरा सन्नाटा, उजड़ गई दो घरों की दुनिया, यमुना नदी में डूबे दो सगे चचेरे-मौसेरे भाई
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी एक ट्रक पर लाठी चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर किशनपुर थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि उन्हें अभी घटना की पूरी जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 23 June 2026, 2:38 PM IST
Topics : crime news fatehpur news UP Police uttar pradesh