हिंदी
चोंचा बनगांव में खूनी संघर्ष (Img: Dynamite News)
Etah: एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में एक दावत के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि लाठी-डंडों के साथ चाकू तक चल गए। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के चोंचा बनगांव में आयोजित एक दावत के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआत में लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
घटना के दौरान तेजपाल नामक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उसके घर के बाहर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमले में तेजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
चाकूबाजी की घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच खुलकर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कई लोगों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया। विवाद के दौरान कई लोग घायल हो गए। घटना स्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
Location : Etah
Published : 18 June 2026, 1:04 PM IST
Topics : crime news etah kotwali nagar UP Police