हिंदी
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में गुरुवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लिए यह दुखद घटना ऐसे समय हुई है, जब मृतक की बहन की शादी नवंबर में होनी है।
यह घटना महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला बरगदवा गांव की है। मृतक की पहचान गुड्डू पुत्र झीनक के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8:45 बजे खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम चल रहा था। इसी दौरान गुड्डू ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की जान चली गई।
गुड्डू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि मृतक की बहन की शादी नवंबर महीने में होनी है। घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल होना था, लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद भगवानपुर टोला बरगदवा गांव में भी शोक का माहौल है। युवक की असमय मौत से ग्रामीणों में दुख व्याप्त है।
घटना की सूचना मृतक के चचेरे भाई शिवशंकर पुत्र भागीरथी ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुरंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हादसे की जानकारी मिलने पर नौतनवां के नायब तहसीलदार सुदेव पटेल भी घटनास्थल और मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। नायब तहसीलदार ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 22 October 2026, 3:21 PM IST
Topics : farming accident Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Maharajganj Accident UP Local News Uttar Pradesh News