हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचे रामपुर जेल (Img: Dynamite News)
Rampur: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जिला जेल पहुंचे, जहां उनकी आजम खान से मुलाकात हुई। इस मुलाकात को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है।
अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर जौहर विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरा, जहां आजम खान के परिवार और पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे जेल के लिए रवाना हुए। खास बात यह है कि एक साल के भीतर अखिलेश यादव की आजम खान से यह तीसरी मुलाकात है।
गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय परिसर में उतरा। यहां आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा, उनके बड़े बेटे अदीब, सपा जिलाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
ये भी पढ़ें- देवरिया में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर किया कातिलाना हमला, अस्पताल में हालत नाजुक, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
इसके बाद अखिलेश यादव कार से रामपुर जिला जेल पहुंचे। वह दोपहर करीब 1:42 बजे जेल के अंदर दाखिल हुए। आजम खान से मुलाकात के बाद उनके घर जाने का भी कार्यक्रम बताया गया।
अखिलेश यादव और आजम खान की यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि दोनों नेताओं की एक साल के भीतर यह तीसरी मुलाकात है। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को अखिलेश यादव रामपुर में आजम खान से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद 7 नवंबर 2025 को आजम खान उनसे मिलने लखनऊ गए थे।
करीब दो महीने पहले सपा नेता शिवपाल यादव ने भी जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की थी। इसके बाद वह आजम खान के घर पहुंचे और तंजीन फातिमा से भी मिले थे।
ये भी पढ़ें- यूपी में वोटर लिस्ट की गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन! दो SDM हटाए गए, अब 403 विधानसभा सीटों पर होगी जांच
आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद हैं। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने इस मामले में दोनों को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। आजम खान ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की है।
Location : Rampur
Published : 22 October 2026, 2:20 PM IST