देवघर में पैसे लेकर हत्या करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, बिहार से जुड़े तार

देवघर में ATS और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सुपारी किलिंग गैंग का पर्दाफाश हुआ है। तीन अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिनके तार बिहार तक जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 April 2026, 7:12 PM IST
google-preferred

देवघर में पुलिस और ATS की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने एक खतरनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। शहर में चुपचाप सक्रिय एक ऐसा गिरोह पकड़ा गया है जो पैसों के बदले हत्या अपराध करने के लिए तैयार बैठा था।  इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता

देवघर में आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से इन अपराधियों की तलाश की जा रही थी और आखिरकार सटीक इनपुट मिलने के बाद छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन अपराधियों को पकड़ा है, उनकी पहचान अजित कुमार पाण्डेय उर्फ अजित कुमार मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और सोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि ये तीनों मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहे थे। यह सुपारी लेकर हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

हथियारों का जखीरा बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा और मोबाइल फोन समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए। इन हथियारों की बरामदगी ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि गिरोह किसी बड़ी आपराधिक घटना की तैयारी में था।

देवघर में पशु अस्पताल बेहाल: दवाएं उपलब्ध नहीं, बिगड़ रही पशुओं की सेहत जाने क्या है पशुपालकों का हाल

अपराध का लंबा इतिहास

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अजित पाण्डेय का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। इससे यह साफ होता है कि यह गिरोह पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा हो सकता है।

बिहार से जुड़े तार

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के संबंध बिहार के जमुई जिले से जुड़े हुए हैं। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है, क्योंकि यह नेटवर्क राज्य की सीमाओं से बाहर तक फैला हो सकता है।

 

Location :  Deoghar

Published :  26 April 2026, 7:12 PM IST

Advertisement