रात के अंधेरे में रचा गया खेल, 20 लाख में तय हुआ अपनों का ही सौदा! हाथरस दोहरे हत्याकांड में बेनकाब हुई पत्नी

सादाबाद में हुए दोहरे हत्याकांड की जांच में पुलिस ने 350 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। यक्ष ऐप से मिले एक सुराग के बाद जांच आगे बढ़ी और पुलिस ने दूसरी पत्नी समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 September 2026, 8:02 PM IST
google-preferred

Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद के मोहल्ला इस्लामनगर में शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की हत्या के मामले में हाथरस पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम, सादाबाद और सहपऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मृतक की दूसरी पत्नी सीमा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में संपत्ति हासिल करने के लिए दोहरे हत्याकांड की साजिश का खुलासा हुआ है।

घर में घुसकर दंपति की हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 26/27 सितंबर की रात शमसुद्दीन और समीना की धारदार और नुकीले हथियारों से हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर की अलमारी और बक्सों को खंगाला गया और कथित तौर पर नकदी, आभूषण, घड़ी समेत अन्य सामान ले जाया गया। मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर 27 सितंबर को सादाबाद थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

सात टीमों ने खंगाले करीब 350 CCTV कैमरे

घटना के बाद एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीमों ने घटना स्थल और संभावित रास्तों पर लगे करीब 350 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

पुलिस के अनुसार, CCTV से मिले एक संदिग्ध की तस्वीर को यक्ष ऐप पर चेक किया गया। इससे संदिग्ध की पहचान आगरा के थाना सिकंदरा के एक हिस्ट्रीशीटर के रूप में होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल शुरू की।

हाथरस में दाऊजी मेला देखकर लौट रहे किशोरों की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत और दूसरा गंभीर

अर्चना ढाबे के पास दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को सादाबाद पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध आगरा-हाथरस मार्ग पर बंद पड़े अर्चना ढाबे के पास मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पुत्र स्वर्गीय मुंशीलाल बघेल निवासी सिकंदरा, आगरा और चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह निवासी नगला दयाराम, थाना जलेसर, एटा के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि दोनों के पास से आभूषण, नकदी और अन्य सामान मिलने के बाद मृतक की दूसरी पत्नी सीमा को भी गिरफ्तार किया गया।

संपत्ति के लिए हत्या की साजिश का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सीमा के गौरव निवासी थाना सिकंदरा, आगरा से संबंध होने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि सीमा ने पति शमसुद्दीन और पहली पत्नी समीना की हत्या के जरिए संपत्ति हासिल करने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, संपत्ति उसके नाम आने के बाद गौरव को 20 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।

पुलिस का यह भी कहना है कि गौरव ने कथित तौर पर संजय, चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह और उदयवीर उर्फ नत्थो को साजिश में शामिल किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले कई बार मौके की रेकी की और हत्या का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

घर में प्रवेश के लिए दूसरी पत्नी की मदद लेने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 26/27 सितंबर की रात आरोपी सीमा के संपर्क में आए। आरोप है कि सीमा ने मकान के जीने का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद आरोपी पहली मंजिल पर पहुंचे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने शमसुद्दीन पर छुरे और नुकीले हथियार से हमला किया।

इसी दौरान समीना के कमरे से बाहर आने और विरोध करने पर उन पर भी हमला किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, संघर्ष के दौरान समीना ने एक आरोपी की उंगली में काट लिया था। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर नकदी और आभूषण लेकर बाइक से फरार हो गए।

हाथरस में आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत के बाद हाईवे पर मचा हड़कंप, CNG टैंक में लगी आग

हत्या में इस्तेमाल सामान और जेवर बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या में इस्तेमाल छुरा पीपल के पेड़ के नीचे जमीन में छिपाया था, जबकि खून लगे कपड़े पास की मूंज की पतेल में फेंके गए थे। लूटे गए आभूषण और अन्य सामान अर्चना ढाबे के पास झाड़ियों में छिपाए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल छुरा, रक्तरंजित कपड़े, बाइक, नकदी, घड़ी, मोबाइल, आधार कार्ड और पर्स समेत बड़ी संख्या में आभूषण बरामद किए गए हैं। परिजनों और परिचितों ने बरामद सामान में से कुछ की पहचान मृतक दंपति के सामान के रूप में की है।

दोनों गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर बताए गए

पुलिस के अनुसार, संजय थाना सिकंदरा, आगरा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आयुध अधिनियम समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह को भी सिकंदरा थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, एनडीपीएस, आयुध अधिनियम और गुंडा अधिनियम समेत 12 मुकदमों की जानकारी पुलिस ने दी है।

अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में हुई कार्रवाई में सादाबाद पुलिस, एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम और सहपऊ पुलिस शामिल रही। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 393/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Location :  Hathras

Published :  30 September 2026, 8:02 PM IST

Related News

Advertisement