हिंदी
मुठभेड़ में दो आरोपी घायल गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविदास मंदिर के पुजारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों के अनुसार, रविदास मंदिर में शराब पीने से मना करने पर विवाद शुरू हुआ था। कथित तौर पर इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने मंदिर के पुजारी पर हमला कर दिया और पीट-पीटकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतक पुजारी के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद थाना मंसूरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं।
शुक्रवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बेगराजपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी अनिकेत और अरुण पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ में हत्या की बात भी स्वीकार की गई है।
आठ साल पहले हुआ था परवीन का निकाह, फिर अचानक बदल गई जिंदगी की पूरी कहानी
सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar, Uttar Pradesh
Published : 13 June 2026, 1:46 PM IST
Topics : Encounter News UP muzaffarnagar news Priest Murder Case Ravidas Mandir Case UP Police Encounter