मुजफ्फरनगर में बिजली चोरी गैंग का पर्दाफाश, मुठभेड़ के बाद खुला कई जिलों में फैले नेटवर्क का राज

मुजफ्फरनगर में बिजली तार और ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हुए। पूछताछ में एनसीआर और आसपास के कई जिलों में वारदातों का खुलासा हुआ। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 September 2026, 11:35 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर और उनके उपकरण चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का नई मंडी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एनएच-58 पर बागोवाली स्थित आयशर वर्कशॉप के पीछे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी का सामान ठिकाने लगाने पहुंचे थे बदमाश

पुलिस के मुताबिक, नई मंडी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश चोरी किए गए बिजली के तार और ट्रांसफॉर्मर के सामान को ठिकाने लगाने के लिए आयशर वर्कशॉप के पीछे इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

तीन बदमाश अंधेरे में भागे, कांबिंग में पकड़े गए

मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाया और चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल और मोनिश खान को गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, बिजली के तार के दो बंडल और करीब 125 किलो एल्यूमिनियम के ट्रांसफॉर्मर पार्ट्स बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक स्कॉर्पियो और एक वैगनआर कार भी बरामद की गई है।

Punjab Police Action: जग्गू भगवानपुरिया गैंग का आरोपी अमृत दालम मोल्दोवा से भारत लाया गया, 21 मामलों में था वांछित

पूछताछ में खुला कई जिलों तक फैले नेटवर्क का राज

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने एनसीआर और आसपास के कई जनपदों में बिजली के तार और ट्रांसफॉर्मर चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में तार चोरी और एक अन्य ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटना का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि गैंग का नेटवर्क करीब दस सदस्यों तक बताया जा रहा है। पूछताछ में मेरठ के लोहिया नगर में बंद पड़ी फैक्ट्री में गार्ड को बंधक बनाकर तार और एल्यूमिनियम प्लेट चोरी करने की वारदात की जानकारी भी सामने आई है।

गोरखपुर में गोदाम के पास मिला अज्ञात शव, पहचान और मौत की गुत्थी में उलझी पुलिस

अब गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश

छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी का सामान किन लोगों को बेचा जाता था और गैंग ने किन-किन जिलों में वारदातों को अंजाम दिया है।

नई मंडी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद सामने आए इन मामलों से पुलिस को बिजली चोरी से जुड़ी अन्य घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  12 September 2026, 11:35 AM IST

Related News

Advertisement